द्रौपदी मुर्मू ने वाटर कैचमेंट सेंक्चुरी का किया दौरा

By: May 6th, 2024 12:07 am

पांच दिन के शिमला दौरे पर आईं महामहिम राष्ट्रपति ने दूसरे दिन किया विजिट

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

पांच दिन के शिमला दौरे पर आई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने दौरे के दूसरे दिन शिमला वॉटर कैचमेंट सेंक्चुरी का विजिट किया। सियोग स्थिति यह वाटर कैचमेंट सेंचुरी देश के कुछ पहले प्रोटेक्टेड एरिया में से है। द्रौपदी मुर्मू ने यहां वाटर हार्वेस्टिंग और कंजर्वेशन प्लान के बारे में जानकारी ली और शिमला को पानी देने के लिए बनाए गए प्रोजेक्ट का दौरा भी किया। उन्होंने वाटर कैचमेंट के घने जंगल में चहलकदमी की और वनस्पति के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान राज्य सरकार के विभागों के अधिकारियों ने उन्हें जानकारी उपलब्ध करवाई। राष्ट्रपति अपने दौरे के तीसरे दिन सोमवार को धर्मशाला जा रही हैं। वह कल्याणी हेलिपैड से ही हेलिकॉप्टर के माध्यम से रवाना होंगी और वापसी भी इसी रूट के जरिए होंगी। धर्मशाला में केंद्रीय विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह है, जिसकी अध्यक्षता वह करेंगी। मंगलवार को राष्ट्रपति के शिमला में कई कार्यक्रम हैं। वह गेयटी थिएटर आएंगी और तारा देवी तथा संकट मोचन मंदिर भी जा सकती हैं। हालांकि इसी शाम राजभवन में एक प्राइवेट डिनर भी रखा गया है। राष्ट्रपति आठ मई को दिल्ली वापस लौट जाएंगी।

राष्ट्रपति आज सीयू के होनहारों को सौंपेंगी सम्मान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के सातवें दीक्षांत समारोह में सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगी। सोमवार को आयोजित होने वाले सातवें दीक्षांत समारोह से पूर्व रविवार को कालेज ऑडिटोरियम में रिहर्सल की गई। इस दौरान मुख्यातिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। केंद्रीय विश्वविद्यालय में राष्ट्रपति के स्वागत के लिए आज सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया। उधर, राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। सीयू में दीक्षांत समारोह के आयोजन के लिए गठित कमेटियों ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया। केंद्रीय विवि प्रशासन की ओर से समारोह के दौरान मुख्यातिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को शॉल-टोपी सहित चंबा थाल, मेटल धातु से बना राम मंदिर व केंद्रीय विवि के फाइनांस विषय के शोधार्थी द्वारा बनाई गई कांगड़ा पेंटिंग से सम्मानित किया जाएगा। वहीं राष्ट्रपति सीयू के 30 छात्रों को गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित करेंगी। 30 गोल्ड मेडल मेधावियों में 18 छात्राएं और 12 छात्र शामिल हैं।

वहीं पीएचडी 11 छात्रों में सात छात्रांए और चार छात्र शामिल हैं। वहीं एमफिल में छह छात्र शामिल हैं। 602 छात्र स्नातक और स्नात्तकोत्तर के शामिल हैं, जिन्हें डिग्रियां बांटी जाएंगी। साथ ही कुल 709 छात्रों को डिग्रियां बांटी जाएंगी। उधर, उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि राष्ट्रपति के एक दिवसीय प्रवास को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रवास के दौरान राष्ट्रपति चामुंडा मंदिर में पूजा अर्चना में भी शिरकत करेंगी।

राष्ट्रपति करेंगी मां तारा-जाखू-रामलोक मंदिर के दर्शन

शिमला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रामलोक मंदिर जा सकती हैं। द्रौपदी मुर्मू के मंदिर दर्शन को लेकर सुरक्षा कर्मियों ने रामलोक मंदिर में डेरा डाला है और यहां की निगरानी बढ़ा दी है। राष्ट्रपति का यह दौरा मंगलवार को होने की संभावना है। रामलोक से पहले राष्ट्रपति तारा माता और जाखू में हनुमान मंदिर के भी दर्शन कर सकती हैं। मंदिर परिसर को राष्ट्रपति के दौरे के अनुकूल बनाने का क्रम शुरू हो गया है। रामलोक मंदिर को जोडऩे वाली सडक़ की मरम्मत की जा रही है। पीडब्ल्यूडी ने कंडाघाट-चायल-शिमला मार्ग पर स्वच्छता अभियान चलाया है।

रामलोक मंदिर के संस्थापक स्वामी अमरदेव ने बताया कि राष्ट्रपति का मंदिर आने का कार्यक्रम है। इस दौरान वे रामलोक और नागलोक के दोनों के दर्शन करेंगी। स्वामी अमरदेव ने बताया कि राष्ट्रपति के इस दौरे के बाद जून-जुलाई में इंग्लैंड के प्रिंस चाल्र्स भी रामलोक आ सकते हैं। प्रिंस चाल्र्स का रामलोक दौरा प्रस्तावित है। साथ ही इंग्लैंड के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक भी किंग प्रिंस चाल्र्स के साथ मंदिर में मौजूद रहेंगे। फिलहाल, रामलोक मंदिर में राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियां पीडब्ल्यूडी ने भी शुरू कर दी हैं। रामलोक मंदिर के संस्थापक अमरदेव ने बताया कि रामलोक मंदिर सबकी आस्था का केंद्र बन रहा है।

राष्ट्रपति से मिले केबीसी फेम अरुणोदय

शिमला। आने वाले समय में आप सोसायटी के लिए एक प्रेरणा बनेंगे, ऐसा मेरा मानना है। ये शब्द शिमला आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केबीसी फेम अरुणोदय से मुलाकात के दौरान कहे। उन्होंने अरुणोदय के उज्जवल भविष्य की कामना की और राष्ट्रपति भवन का एक स्मृति चिन्ह भी भेंट स्वरूप दिया। द्रौपदी मुर्मू ने केबीसी फेम रहे अरुणोदय से करीब 25 मिनट की मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रपति को अरुणोदय ने बताया कि वह किस तरह से केबीसी के मंच पर पहुंचे और वर्तमान में भी विभिन्न सोशल एक्टिविटी से जुड़े हुए हैं। गौर हो कि अरुणोदय ने कौन बनेगा करोड़पति प्रतियोगिता में भाग लेकर हिमाचल का नाम रोशन किया था । इसके साथ ही ‘दिव्य हिमाचल एक्सीलेंस अवार्ड’ से भी अरुणोदय को सम्मानित किया जा चुका है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App