ड्रग्स-साइबर क्राइम मुख्य चुनौती, नए डीजीपी बोले…

By: May 3rd, 2024 12:06 am

नए डीजीपी बोले; राज्य में लॉ एंड ऑर्डर बेहतर, इसे बनाए रखेंगे

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

1991 बैच के आईपीएस अधिकारी डा. अतुल वर्मा को हिमाचल प्रदेश का पुलिस प्रमुख बनाया गया है। डीजीपी बनने के बाद शिमला पुलिस मुख्यालय में उन्होंने पदभार ग्रहण कर लिया है। डा. अतुल वर्मा ने बताया कि नई जिम्मेदारी उनके लिए अवसर और चुनौती दोनों हैं। हिमाचल प्रदेश पुलिस का काम अच्छा है और देश भर में अच्छा आंका भी जाता है। डीजीपी ने बताया कि प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार की मांग और आपूर्ति पर नकेल कसना उनकी प्राथमिकता है। बीते दिनों हिमाचल प्रदेश में हुई अपराधिक घटनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश महिलाओं के लिए एक सुरक्षित जगह है। हिमाचल में लड़कियां आज भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सफर करती हैं और अपने स्कूल-कालेज तक अकेले जाती हैं। यह व्यवस्था कई राज्यों में नहीं है। स्कूल कालेज तक छोडऩे भी जाना पड़ता है।

हमें इस तरह के लॉ एंड ऑर्डर पर गर्व होना चाहिए और इसे प्रोटेक्ट करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हाल ही में जो कुछ अपराध हुए हैं, वह इक्का दुक्का घटनाएं हैं, जिनसे सख्ती से निपटा जाएगा, ताकि हिमाचल में लॉ एंड ऑर्डर सभी के लिए सुरक्षित रहे। डा. अतुल वर्मा ने कहा कि नशे का बढ़ता चलन एक समस्या है और इस बारे में आम लोगों से भी सहयोग की जरूरत है। हर जगह पुलिस उपलब्ध नहीं हो सकती, इसलिए समाज को भी सहयोग करना होगा। नशे के बाद उनकी प्राथमिकता प्रदेश में बढ़ते साइबर के मामलों पर अंकुश लगाने की होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App