ढली मंडी में किसानों को मिल रहे अच्छे दाम

By: May 2nd, 2024 12:14 am

सिटी रिपोर्टर—शिमला
राजधानी की ढली सब्जी मंडी इन दिनोंं किसानों को फूलगोभी के दोगुने दाम मिल रहे हैं। बुधवार को ढली सब्जी मंडी में किसानों को फूलगोभी के 20 से 25 रुपए प्रतिकिलो दाम मिले हैं। इससे किसानों के चेहरे चमक गए हैं। लंबे अरसे के बाद फूलगोभी के दामों में उछाल आया है। ढली सब्जी मंडी में फूलगोभी की दो हजार बोरियां पहुंची। अच्छे दाम मिलने से किसानों के चेहरे खिल गए। ठियोग से फसल लेकर मंडी पहुंचे धनीराम ने बताया कि गत वर्ष के मुकाबले इस वर्ष फूलगोभी की अच्छी फसल हुई है। वहीं गुणवत्ता के अनुसार भी फूलगोभी अच्छी है। इसके अलावा धमांदरी, बलग और सैंज से भी किसान फूलगोभी की फसल लेकर मंडी पहुंचे रहे हैं। इसके अलावा मटर के भी किसानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं।

रविवार को पहाड़ी हरी मटर 50 से 72 रुपए प्रतिकिलो तक बिका। ढली सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के सचिव बिट्टू वर्मा ने बताया कि रविवार को फूलगोभी और मटर के किसानों को अच्छे दाम मिले। शनिवार को हुई बारिश के कारण मटर की कम फसल मंडी पहुंची। इसकी वजह से दाम बढ़े हैं। आने वाले दिनों में फूलगोभी की आवक बढ़ेगी। ऐसे में किसानों को और अच्छे दाम मिलने की उम्मीद है।

ओलावृष्टि से मटर की फसल को पहुंचा नुकसान
जिलाभर में पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि और बारिश के कारण मटर की फसल काफी खराब हुुई है। इससे किसानों को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके कारण ढली मंडी में भी मटर की काफी कम आमद पहुंच रही है, लेकिन किसानों को मटर के अच्छे दाम मिल रहे हैं। हालांकि जो खराब मटर आ रहे हैं उसके दाम कम है लेकिन किसानों का कहना है कि यह दाम फसल की गुणवत्ता के अनुसार काफी हैं। लेकिन फ्रैश माल के अच्छे दाम मिलने से किसनों को काफी खुशी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App