पंजाब के किसान रेलवे ट्रैक पर, मान केजरीवाल से रिश्ता निभाने में व्यस्त

By: May 1st, 2024 12:07 am

सीएम भगवंत मान तिहाड़ जेल में बंद केजरीवाल से रिश्ता निभाने में व्यस्त

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

पंजाब के किसान कई दिन से रेलवे ट्रैक पर बैठे हैं और मुख्यमंत्री भगवंत मान भ्रष्टाचार के मामले में तिहाड़ जेल में बंद केजरीवाल में रिश्ता निभाने में व्यस्त हैं। उनके पास तिहाड़ जाकर केजरीवाल से मिलने का समय तो है, लेकिन किसानों की समस्याओं और रेल ट्रैक जाम होने से जनता को हो रही परिशानियों को दूर करने का समय नहीं है। यह बातें पंजाब भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने मंगलवार को चंडीगढ़ में कहीं। उन्होंने कहा कि राज्य का मुख्यमंत्री होने के नाते मान का पहला कत्र्तव्य यहां की जनता के प्रति है। मान पंजाब की जनता से अपना रिश्ता निभाएं। सीएम को किसानों से बात करनी चाहिए और उन्हें रेलवे ट्रैक से हटने के लिए समझना चाहिए। किसानों के ट्रैक पर बैठने के कारण कई गाडिय़ां रद करनी पड़ी हैं जबकि कई का रूट बदलना पड़ा है। इससे यात्रियों को तो परेशानी हो ही रही है साथ ही व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

जाखड़ ने कहा कि किसान भाई भी जनता को परेशान नहीं करना चाहते लेकिन राज्य सरकार किसानों की सुध नहीं ले रही। हैरानी की बात है कि किसान रेलवे ट्रैक पर इतने दिन से बैठे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनसे बात करने की जहमत भी नहीं उठाई। जाखड़ ने यह भी कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी मिलकर पंजाब की जनता से धोखा कर रही है। लोगों का मोह इनसे भंग हो गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App