नाहन में भव्य नगर कीर्तन की धूम

By: May 2nd, 2024 12:17 am

गुरुद्वारा साहिब में धूमधाम से मनाया गुरु गोविंद सिंह महाराज का आगमन कार्यक्रम

दिव्य हिमालच ब्यूरो-नाहन
जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन के गुरुद्वारा दशमेश अस्थान साहिब में धूमधाम से मनाए जा रहे गुरु गोविंद सिंह महाराज के नाहन आगमन कार्यक्रम की कड़ी में गुरुद्वारा दशमेश अस्थान से देर शाम नगर कीर्तन निकाला गया। इस नगर कीर्तन में सैकड़ों की संख्या में सिक्ख समुदाय के श्रद्धालुओं के अलावा हिंदू, मुस्लिम, सिक्ख, ईसाई सभी धर्मों के लोगों ने शिरकत की। नगर कीर्तन गुरुद्वारा दशमेश अस्थान से शुरू हुआ जो महिमा पुस्तकालय, नया बाजार, चौगान व मालरोड से होते हुए पूरे शहर के भ्रमण पर निकला। नगर कीर्तन के दौरान सिक्ख युवकों के गत्तका दल की आकर्षक प्रस्तुतियां भी आकषर्ण का केंद्र रही।

पंज प्यारों द्वारा नगर कीर्तन की अगवाई की गई जिसके बाद ढोल-नगाड़ों व बैंड-बाजों के साथ अलग-अलग टुकडिय़ों में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु नगर कीर्तन की शोभा बढ़ा रहे थे। गुरुद्वारा परिसर में आयोजित धार्मिक कीर्तन समागम में विशेष तौर पर शिरकत करने पहुंचे स्थानीय कांग्रेस के विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि आज के दिन गुरु गोविंद सिंह महाराज नाहन पहुंचे थे जिसे नाहन की संगतों द्वारा धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यहां आयोजित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में सैकड़ों की संख्या में लोग भाग ले रहे हैं।

339 साल पहले नाहन आए थे गुरु गोबिंद सिंह
339 साल पहले आज के दिन गुरु गोविंद सिंह जी नाहन पधारे थे। इस याद में गुरु गोविंद सिंह महाराज को याद करते हुए 10 दिवसीय आगमन जोड़ मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान बाहरी राज्यों से पहुंचे रागी जत्थे और कथा वाचक गुरुद्वारा साहिब में पहुंचे हुए हैं। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी नाहन एवं सिक्ख जत्थेबंदियां द्वारा आगमन जोड़ मेले के रूप में मनाते हैं। इससे पूर्व मंगलवार को गुरुद्वारा परिसर में जहां विशाल कीर्तन समागम का आयोजन किया गया तो वहीं यहां देर शाम को शहर में नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में संगतों ने भाग लिया। गौर हो कि गुरु गोविंद सिंह महाराज के नाहन आगमन दिवस को धूमधाम के साथ प्रत्येक वर्ष मनाया जाता है। यहां 10 दिनों तक आगमन जोड़ मेला आयोजित होता है, जिसमें विभिन्न धार्मिक कीर्तन समागम, नगर कीर्तन समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित होते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App