Himachal Election 2024: हिमाचल में अब कांग्रेस का स्टार वार

By: May 25th, 2024 5:52 pm

दिव्य हिमाचल टीम—शिमला, बिलासपुर

लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के चलते हिमाचल में स्टार वार शुरू हो गया है। एक ओर जहां भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिमाचल में कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर हमला बोलकर पहाड़ की सियासत को गरमाया है, वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने भी पहाड़ की सियासी फिजाओं में गरमाहट भरी है। इसी कड़ी में अब कांग्रेस के स्टार प्रचार राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी हिमाचल में जोश भरने आ रहे हैं।

राहुल गांधी कल यानी रविवार को हिमाचल पहुंच रहे हैं। वह दिल्ली से सीधे स्पेशल फ्लाइट के जरिए चंडीगढ़ पहुंचेंगे और फिर वहां से चौपर से नाहन पहुंचेंगे। नाहन में राहुल गांधी जनसभा करने के बाद सीधे ऊना में जनता को संबोधित करेंगे और फिर चंडीगढ़ के लिए रवाना हो जाएंगे। इसके बाद 30 मई को प्रियंका गांधी वाड्रा बिलासपुर आएंगी। हालांकि अभी उनका जनसभा स्थल फाइनल नहीं हुआ है। कांग्रेस के मीडिया कोऑर्डिनेटर संदीप सांख्यान ने कहा कि 30 मई को श्री मति प्रियंका गांधी जी महासचिव अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी बिलासपुर में आने का प्रस्तावित कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि प्रियंका जी बिलासपुर की आम जनता और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी और देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने हेतू कांग्रेस के हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के उम्मीदवार श्री सतपाल रायज़दा जी को संसद में भेजनी की अपील करेंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App