Himachal Election 2024: सियासत को कलंकति करने वालों को बख्शेगी नहीं जनता: सुक्खू
सुनील दत्त—जवाली
हिमाचल प्रदेश की राजनीति को कलंकित करने व कलंकित करवाने वालों को जनता चुनाव में जवाब देगी। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जवाली में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चुनाव में लोकतंत्र और देश के संविधान को बचाने के लिए वोट करना है। जब भी चुनाव आते हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य केंद्रीय नेताओं को हिमाचल की याद आती है, लेकिन चुनाव के बाद जनता को भुला दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा महिला विरोधी है तथा महिला सम्मान निधि का विरोध करके भाजपा ने इसे साबित भी कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि जब हिमाचल में त्रासदी आई, तो उस समय प्रधानमंत्री सहित अन्य नेताओं को हिमाचवासियों की याद क्यों न आई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले जनता को 10 गारंटियां दी थीं, उनमें से पांच पूरी हो गई हैं तथा पांच को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा-चंबा से प्रत्याशी आनंद शर्मा के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों सहित 6 उपचुनाव में कांग्रेस की जीत होगी। कांग्रेस सरकार को गिराने के भाजपा के मंसूबे कतई सफल नहीं होंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App