Himachal Election: आनंद शर्मा बोले, खुद से झूठ बोल रही है बीजेपी

By: May 27th, 2024 12:16 am

कांग्रेस प्रत्याशी ने फतेहपुर के धमेटा, रैहन और गोलवां में भाजपा पर जमकर साधा निशाना

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- धर्मशाला
कांगड़ा-चंबा लोकसभा सीट के कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा ने रविवार को जिला कांगड़ा के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया।
उन्होंने जखबड़, धमेटा, रैहन व गोलवां में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पूरे देश को एक साथ लेकर चलने की सोच समझ केवल कांग्रेस पार्टी में है। शासन और प्रशासन आम सहमति से चलता है, मगर भाजपा की सोच संकुचित है। आजादी के बाद 18 साल की कड़ी मेहनत के बाद राज्यों का भाषा का मुद्दा सुलझाया गया था, मगर भाजपा इसे खत्म करके उत्तर और दक्षिण के बीच भाषा और क्षेत्रवाद की लकीर खींच कर देश को कमजोर करने में जुटी हुई है। पीएम मोदी और अमित शाह 400 सीटें जीतने के बड़े-बड़े हवाई दावे कर रहे हैं। वह देश के संविधान और जनादेश का अपमान कर रहे हैं।

सत्ता में लाने का जनादेश देश की जनता ने देना है, लिहाजा ऐसे दावों से 400 सीटें नहीं आने वालीं। उन्होंने धर्मशाला रैली में अमित शाह द्वारा चुनाव के अब तक के छह चरणों में बहुमत मिलने के दावों पर कहा कि मतों की गिनती तो चार जून को होनी है, ऐसे में देश के गृहमंत्री को कैसे पता चल गया कि उन्हें बहुमत मिल गया है। अमित शाह का यह खुद से खुद को बोला हुआ जुमला है। चुनाव के छह चरण हो चुके हैं, और मौसम की तरह माहौल बदल चुका है। भाजपा और एनडीए 400 क्या 200 पार भी नहीं हो पाएगा। आनंद ने कहा कि मोदी 543 लोकसभा सीटों पर सिर्फ अपने नाम पर ही चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि भाजपा व उनके गठबंधन के प्रत्याशियों की अपनी कोई पहचान नहीं है। उन्होंने कहा कि मोदी भाजपा के सांसदों से न ही मिलते हैं, और न ही उनकी बात मानते हैं। इस अवसर पर उनके साथ फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया और कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App