Himachal Election: अनुराग ठाकुर बोले, कांग्रेस पार्टी ने देश को 60 साल पीछे धकेला

By: May 27th, 2024 12:16 am

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस पर किया हमला

नगर संवाददाता-ऊना
केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने रविवार को तूफानी चुनाव प्रचार किया। अनुराग ठाकुर ने ऊना विधानसभा क्षेत्र में 15 चुनावी नुक्कड़ सभाएं कर लोगों से समर्थन मांगा। अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस को जमकर निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 60 वर्ष में देश को पीछे धकेलने का काम किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अपने 10 वर्ष के कार्यकाल में देश को आगे बढ़ाया है। मोदी सरकार ने सेना की वर्षो पुरानी मांग वन रैंक वन पैंशन देकर जवानों को सम्मान दिया। एक लाख से अधिक सैनिकों को उक्त लाभ मिल चुका है। मोदी सरकार ने सेना को अत्याधुनिक हथियारों से लैस किया। आज भारतीय सेना के पास राफेल विमान सहित बुलेट प्रूफ जैकेट, विक्रांत से लेकर तेजस विमान है। अग्रि मिसाइलें है। बार्डर पर सेना की सुविधा के लिए 68 सौ किलोमीटर से ज्यादा सडक़े बनाई गई है। पिछले वर्ष देश में एक लाख करोड़ से ज्यादा रक्षा उत्पादन किया गया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने शासनकाल में सेना को एक बुलेट प्रूफ जेकेट तक नहीं दे पाई। रक्षा सौदों में दलाली खाने वाली कांग्रेस सरकार के समय सेना सैन्य सामान के लिए तरसती रही। उन्होंने कहा कि आज भारतीय सेना मजबूत हुई है। पड़ोसी देश हमारी और आंख उठाने से भी डऱते है। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के कारण संभव हो पाया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। भयंकर आपदा के समय मोदी सरकार ने प्रदेश को हर संभव मदद पहुंचाई। आपदा के समय केंद्रीय मंत्रियों ने लगातार प्रदेश के दौरे किए और रिपोर्ट केंद्र सरकार के समक्ष रखी। जिसके आधार पर केंद्र सरकार ने प्रदेश को मदद भेजी। मोदी ने एम्स जैसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान की सौगात दी। ऊना के पेखूबेला में इंडियन ऑयल टर्मिनल स्थापित किया गया।

सत्ती बोले, प्रदेश की चारों लोकसभा सीटें जीतेगी भाजपा

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व ऊना सदर से विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि प्रदेश में लोकसभा की सभी चारों सीटें व विधानसभा के छह उपचुनाव भाजपा जीतेगी। सत्ती ने कहा कि सुक्ख सरकार पिछले डेढ वर्ष में विकास करवाने में नाकाम रही। सीएम सुक्खू बजट न होने का ही रोना रोते रहे। प्रदेश में आपदा के दौरान केंद्र सरकार ने प्रदेश को मदद भेजी, लेकिन प्रदेश सरकार ने उसमें भी बंदरबांट की। कांग्रेस सरकार ने उक्त मदद केवल अपने चहेतों में ही बांटी। कई लोग ऐसे रह गए, जिनका भारी भरकम नुकसान हुआ था। इसके अलावा सुक्खू सरकार अपनी गारंटियां भी पूरी नहीं कर पाई। आज भी महिलाएं 15 सौ का इंतजार कर रही है। 300 यूनिट बिजली फ्री भी नहीं मिल पाई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App