Himachal Election: ‘भुट्टो ने पैसे के लालच में बेची विधायकी, हर बार मांगते थे PMGSY के टेंडर’

By: May 23rd, 2024 4:01 pm

ऊना। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि बिके हुए विधायक देवेंद्र भुट्टो पिछली रात भाजपा से मिले सामान का एक छोटा अटैची कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंदर लाए हैं, हम उसकी तलाश में हैं। अभी तो 55 लाख बड़सर में पकड़े गए हैं, और भी पकड़ेंगे। अगर भुट्टो पैसे बांटें तो डबल लेना, वह आपका ही पैसा है। भुट्टो को हराने के लिए एकजुट होकर वोट डालें। भुट्टो ने कुटलैहड़ क्षेत्र की सारी खड्डों को खाली कर दिया। यह खनन माफिया है, इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने ये बातें कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बंगाणा व चिंतपुर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंब में लोकसभा उम्मीदवार सतपाल रायजादा और कुटलैहड़ सीट से विधानसभा उम्मीदवार विवेक शर्मा के लिए वोट की अपील करते हुए कहीं।

उन्होंने कहा कि भुट्टो जब भी मेरे पास आता था, पीएमजीएसवाई के टेंडर की बात करता था। हमेशा यह कहता कि सड़कों के पैसे दे दीजिए, यह टेंडर अपने साथियों को दिलाने हैं। उसे पैसे का लालच इतना था कि अपनी विधायकी बेच दी। कपटी का कभी अंदाजा नहीं होता। भुट्टो कपटी था इसलिए बिक गया। राज्यसभा चुनाव से पिछली रात कह रहा था कि भाई जी सब ठीक हो गया है। मुझे क्या पता था पहले ही बिक चुका है। राज्यसभा उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी से भी भुट्टो ने कहा था कि चुनाव जीतने पर सड़कों के लिए पैसे दे देना, मेरी जेसीबी है काम मिल जाएगा।

सीएम सुक्खू ने कहा कि भुट्टो ने 2022 में अपनी संपत्ति लगभग 5 करोड़ दिखाई थी, 14 महीने बाद अब 15 करोड़ रुपए शपथ पत्र में दिखाई है। बेटे की संपत्ति 2022 में कुछ नहीं दिखाई थी, अब भरे शपथ पत्र में 5 करोड़ दिखाई है। इनके पास कौन सी गीदड़सिंगी है कि 14 महीने में 14 करोड़ रुपए की संपत्ति बढ़ गई। यह खनन माफिया हैं, इन्होंने आपकी संपदा को लूटा है। जल्दी जेल की सलाखों के पीछे जाएंगे। मैं 40 साल से कांग्रेस का झंडा उठाकर चल रहा हूं। पार्टी के भीतर का विरोध भी झेला, लेकिन कभी गद्दारी नहीं की। बिके हुए विधायक एक महीना घर नहीं आए, हमारी सरकार गिराने की साजिश रचते रहे। जयराम ठाकुर का ऑपरेशन लोटस फेल हुआ है, वह जितना मर्जी जोर लगा लें, कांग्रेस सरकार पूरे 5 साल जनता के काम करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो नोट के दम सत्ता हथियाना चाहते हैं, उन्हें सबक सिखाने का सही समय 1 जून है। आजाद विधायक भाजपा के सामान से भरे अटैची को देखकर अपनी विधायकी की बोली लगा रहे हैं। यह चुनाव सरकार का नहीं, जनता का है, इससे भविष्य की राजनीति की दशा व दिशा तय होगी। भाजपा कार्यकर्ता भी पार्टी विचारधारा से ऊपर उठकर वोट करें। बिके हुए विधायक का झोला उठाकर न चलें। प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मौन रहे। कुम्भकर्णी नींद सोए रहे और प्रदेश की सारी संपदा लुटा दी। पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश के हितों के साथ समझौता किया। शिक्षा के क्षेत्र में 18वें स्थान पर पहुंच गए। जयराम ठाकुर जान गए हैं कि यह चुनाव जनता लड़ रही है। उन्हें पता चल चुका है कि जनता किसी भी तानाशाह को उखाड़ फेंकती है। जयराम ठाकुर को भगवान पर भी विश्वास नहीं रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान ने विवेक शर्मा की ईमानदारी देखकर कुटलैहड़ सीट खाली करवाई है। इन्हें बीते चुनाव में टिकट मिलनी थी, लेकिन किसी कारणवश नहीं मिली। काम 5 साल इन्होंने किया और फायदा बिकाऊ विधायक को मिल गया। कुटलैहड़ मेरे विधानसभा क्षेत्र के साथ लगता है, यह कल्पना भी नहीं की थी कि यहां का विधायक बिक जाएगा। यह चुनाव जनता का है, क्योंकि यहां के विधायक ने लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ किया है। मैं कुटलैहड़ के बिके विधायक को बार-बार कहता रहा कि मेरा कार्यक्रम करवाओ, लेकिन उसने एक भी कार्यक्रम बंगाणा में नहीं करवाया। क्षेत्र की जनता उसे सबक सिखाएगी। यह वोट की ही ताकत है कि मुख्यमंत्री और उम्मीदवार 40 डिग्री तापमान में आपसे वोट मांग रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App