Himachal Election: सत्ता की लोभी है भाजपा, धनबल से की सरकार गिराने की कोशिश: प्रियंका

By: May 27th, 2024 2:09 pm

दीपक शर्मा-चंबा

चंबा। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आज चंबा पहुंची थी। यहां उन्होंने ऐतिहासिक चौगान मैदान पर कांगड़ा-चंबा संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा के पक्ष में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर प्रियंका गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सत्ता की लोभी है और सत्ता पाने के लिए धनबल का सहारा ले रही है। इतना ही नहीं सत्ता पाने के लिए भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकारों को गिरने का काम भी कर रही है। पिछले दिनों भाजपा हिमाचल में भी कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की नाकाम कोशिश कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों के दौरान भाजपा ने लोगों की बजाय अपने खरबपति दोस्तों के लिए मदद के द्वार खोले हैं। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना युवा विरोधी है। इस योजना के जरिए भी मोदी सरकार सेना में अपने खरबपति दोस्तों की एंट्री करवाना चाहती है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन के सत्ता में आने पर अग्निवीर योजना को बंद कर सेना में भर्ती के पुराने पैटर्न को लागू किया जाएगा।

प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल को अपना दूसरा घर बताने वाले को पिछले वर्ष बरपे प्राकृतिक कहर के दौरान लोगों की याद क्यों नहीं आई? प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की केंद्र सरकार ने कोई मदद नहीं की। प्रियंका गांधी ने कहा कि इंडी गठबंधन के सत्ता में आने पर मनरेगा की तर्ज पर शहरी क्षेत्र में भी इसे लागू कर 100 दिन का रोजगार सुनिश्चित बनाया जाएगा। देश के युवाओं को रोजगार प्रदान किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App