Himachal Election: केंद्र सरकार ने हिमाचल के 22 हजार परिवारों का नहीं समझा दर्द

By: May 27th, 2024 12:16 am

नाहन में राहुल गांधी बोले, मोदी सरकार ने 10 सालों में 22 बड़े पंूजीपतियों के 16 लाख करोड़ किए माफ

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को नाहन के चंबा ग्राउंड में शिमला लोकसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी के समर्थन में पहली जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल के दर्द को नहीं समझा। बरसात में हिमाचल में जो तबाही व आपदा हुई उस दौरान हिमाचल सरकार ने नौ हजार करोड़ की मदद मांगी थी, परंतु मोदी सरकार ने यह मदद नहीं की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बीते 10 सालों में देश के 22 करोड़पतियों को 16 लाख करोड़ के कर्ज माफ किए, जबकि हिमाचल के 22 हजार परिवारों का दर्द नहीं समझा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार सत्ता में आते ही आशा वर्कर और आंगनबाड़ी वर्करों की दिहाड़ी दोगुना करेगी। मनरेगा की दिहाड़ी 250 रुपए से बढ़ाकर 400 रुपए की जाएगी। नाहन में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने अडानी को हिमाचल के सेब पकड़ा दिए। राहुल ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गिने चुने लोगों का 16 लाख करोड़ रुपए माफ किया, लेकिन आपदा को लेकर हिमाचल सरकार की मांग के अनुसार नौ हजार करोड़ पर कोई आर्थिक मदद प्रदान नहीं की। उन्होंने कहा कि मोदी और अडानी की पार्टनरशिप के कारण हिमाचल के किसानों को सेब के सही दाम नहीं मिल पा रहे हैं, क्योंकि मोदी ने सभी कोल्ड स्टोरेज अडानी को दे दिए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि अपने मित्रों को जितना कर्जा माफ मोदी ने किया है वह मनरेगा के 24 साल के बजट समान है। यही नहीं मोदी ने पीएम रहते बीते 10 सालों में 22-25 लोगों को अरबपति बनाया है। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा के नेता संविधान पर हमला कर रहे हैं। भाजपा नेता खुले तौर पर संविधान को बदलने की बात कह रहे हैं। आज लड़ाई संविधान को बचाने की है। हिंदुस्तान की आवाज संविधान में है। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत जिला सिरमौर के तमाम कांग्रेसी नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

राष्ट्रीय मीडिया पर जमकर बरसे राहुल
नाहन। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव को लेकर हिमाचल की पहली चुनावी रैली को नाहन में संबोधित करते हुए भाजपा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ राष्ट्रीय मीडिया पर जमकर हमला किया। हिमाचल प्रदेश के नाहन शहर के चंबा ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करने के दौरान राहुल गांधी ने राष्ट्रीय मीडिया पर जमकर अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने करीब 30 मिनट के भाषण में राहुल गांधी ने राष्ट्रीय मीडिया के साथ-साथ अंबानी अडानी पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह कहते हैं कि उनका परमात्मा से सीधा कनेक्शन है। वो बताएं प्रभु से कनेक्शन सुबह होता है, शाम को होता है या फिर 24 घंटे। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार बनने पर जुलाई माह से गरीब परिवारों की महिलाओं के खाते में 8500 रुपए की राशि जाएगी। राहुल गांधी ने कहा कि 22-25 लोगों को 16 लाख करोड़ बांटे गए इससे 22 साल तक मनरेगा योजना को चलाया जा सकता था। उन्होंने कहा कि 8500 रुपए देने के लिए गरीबों की एक लिस्ट बनेगी। इसमें से एक महिला को चुना जाएगा, जिसके खाते में यह राशि डाली जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App