Himachal Election: जयराम का आरोप, विकास की राह में रोड़े अटका रही कांग्रेस

By: May 27th, 2024 12:08 am

भरमौर पहुंचे जयराम ठाकुर का आरोप, जनता देगी सरकार को जवाब

कार्यालय संवाददाता — भरमौर

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार सत्ता में आने के बाद सिर्फ और सिर्फ विकास विरोधी काम कर रही है। विकास का सारा काम रोक दिया है। अब कांग्रेस को भी शून्य पर रोकने की जिम्मेदारी द्बदेश के लोगों ने अपने कंधों पर उठा रखी है। पहली जून को प्रदेश के लोग कांग्रेस को अपनी वोट की अहमियत का एहसास करवाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तानाशाही का जवाब वोट से देेकर चुनाव में भाजपा को सभी सीटें जिताकर प्रदेश के लोग कांग्रेस को सबक सिखाएंगे। जयराम ठाकुर रविवार को उपमंडल मुख्यालय में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह सरकार तालाबाज है, जिसे हर काम को रोकने में सुख मिलता है। भरमौर को हमारी सरकार ने एक दिन में 22 संस्थान दिए थे, ताकि यहां के लोगों को सभी मूलभूत सुविधाएं मिल सकें, लेकिन कांग्रेस सरकार ने संस्थानों को बंद कर दिया। इससे आम लोगों को उन्हीं सुविधाओं के लिए अब बहुत दूर तक जाना पड़ रहा है। प्रदेश के लोग सरकार के ऐसे विकास विरोधी कार्यों का जवाब देने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि आप सभी भाजपा प्रत्याशी को भारी से भारी मतों से जितवाएं और विकास की चिंता नरेंद्र मोदी पर छोड़ दें। पूरा हिमाचल प्रदेश अब नरेंद्र मोदी के साथ है। जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा के चुनाव में झूठ बोलकर कांग्रेस ने मातृशक्ति के साथ धोखा किया, युवाओं के साथ धोखा किया, बुजुर्गों के साथ, किसानों-बागबानों के साथ धोखा किया। अब कांग्रेस को अपनी झूठी गारंटियों के लिए, झूठे वादों के लिए पछताना पड़ेगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री की रैली को रोकने के लिए षड्यंत्र किए। मोदी चुनाव के अंतिम दौर में न आ जाएं, इसके लिए मंडी के पड्डल के मैदान को चुनाव प्रचार के आखिरी तीन दिनों के लिए एडवांस में बुक करवा लिया, ताकि नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार के लिए न आ सकें। अब जब 24 मई को प्रधानमंत्री की रैली हो गई, तो कांग्रेस के लोग रैली में आए लोगों को देखकर पड्डल में कोई और रैली ही नहीं करवाना चाह रहे हैं। उनके नेता मानते हैं कि उनके लिए पड्डल को आधा भरना भी मुमकिन नहींं। इसलिए वे अब जनसभा का स्थान बदल रहे हैं।

कर्मचारियों को उनके हक हमने दिए

निजी संवाददाता — थुनाग

सराज के भाटकीधार में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव प्रधानमंत्री चुनने का चुनाव है। इसमें हिमाचल से चारों सीटों का सहयोग रहेगा। पांच चरण के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुमत से आगे निकल गये हैं। अब आपके सहयोग से हम 400 पार के लक्ष्य के लिए लड़ रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार कर्मचारी विरोधी सरकार हैं। आज कर्मचारियों के मसले हल नहीं हो रहे हैं। जब भाजपा सरकार में थी, तो हमने कांग्रेस सरकार के समय से लंबित पड़े वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू किया। समय-समय पर महंगाई भत्ता समेत अन्य देयों का भी भुगतान किया। हमने कांट्रैक्ट पीरियड को तीन साल से घटाकर दो साल किया। कांग्रेस सरकार मेें कर्मचारियों को सिर्फ परेशान किया जा रहा है।

लाहुल स्पीति के छह भाजपा पदाधिकारी बाहर

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल का लाहुल स्पीति पहुंचते ही एक बड़ा एक्शन सामने आया। यहां उन्होंने जिलाध्यक्ष लाहुल-स्पीति एवं मंडल अध्यक्ष की संस्तुति पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर छह पदाधिकारियों को तुरंत प्रभाव से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया। लोबजंग ज्ञालसन प्रदेश उपाध्यक्ष अनुसूचित जनजाति मोर्चा, पलजोर छेरिंग जिला महामंत्री, लक्ष्मण ठाकुर जिला महामंत्री, शमशेर सिंह जिला उपाध्यक्ष, पलदन नामज्ञाल मीडिया प्रभारी और सोनम अंगदुई मंडल महामंत्री स्पीति को निष्कासित किया गया है। इस दौरान बिंदल ने कहा कि किसी भी प्रकार की पार्टी विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App