Himachal Election : मल्लिकार्जुन खडग़े कल, राहुल परसों करेंगे चुनाव रैली

By: May 24th, 2024 12:01 am

कांग्रेस के स्टार प्रचारकों के शेड्यूल तय, प्रियंका 29-30 को करेंगी बड़ी जनसभाएं

विशेष संवाददाता — शिमला

हिमाचल प्रदेश में एक जून को होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की प्रस्तावित जनसभाएं तय कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े 25 मई को, वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की 26 मई, तो पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी 29 और 30 को चुनावी जनसभाएं करेंगी। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने दी। उन्होंने बताया कि अगले एक सप्ताह तक पार्टी के सभी स्टार प्रचारक सभी जिलों में बड़ी चुनावी जनसभाएं करेंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी के सभी स्टार प्रचारक 27, 28, 29 और 30 मई को सभी जिलों में रैलियां करेंगे। स्टार प्रचारकों में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी, शशि थरूर, सचिन पायलट समेत प्रभारी राजीव शुक्ला, संगठन महासचिव वेणुगोपाल, आनंद शर्मा और सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत 40 नेता सभी संसदीय क्षेत्रों में बड़ी रैलियां करेंगे।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की रैली 25 और 27 मई को शिमला के रोहड़ू में प्रस्तावित है, जबकि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 29 और 30 मई को मंडी, शिमला और सोलन में बड़ी रैलियां करेंगी। वहीं, स्टार प्रचारक और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की 26 मई को ऊना और नाहन में चुनावी जनसभा प्रस्तावित है। प्रियंका गांधी की शिमला के रोहड़ू और नेरवा में चुनावी रैली प्रस्तावित की गई है। इसके अलावा अन्य स्टार प्रचारकों का शेड्यूल भी बनाया जा रहा है। हरिकृष्ण हिमराल ने बताया कि चुनावी जनसभाओं के दौरान पार्टी के न्याय पत्र को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के हिमाचल दौरे से पहले प्रधानमत्री पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अकसर हिमाचल को दूसरा घर बताने वाले मोदी जी ने आपदा के समय हिमाचल की जनता के साथ क्यों भेदभाव किया, कल प्रदेश की जनता उनसे सवाल जरूर पूछेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App