Himachal Election : हिमाचल सरकार को चु*रा नहीं पाएंगे मोदी

By: May 26th, 2024 11:34 pm

राहुल  ने नाहन और ऊना में बोला प्रधानमंत्री पर हमला, पीएम को बताया भ्रष्टाचार का केंद्र ङ्क्षबदु

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नाहन, ऊना

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को नाहन और ऊना में चुनावी सभाओं में कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए वोट देने की अपील की, तो वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री पर भ्रष्ट तरीके अपनाकर हिमाचल प्रदेश सरकार को गिराने का प्रयास करने का आरोप लगाया और कहा कि वह हिमाचल की सरकार चोरी नहीं कर पाएंगे। ऊना में कांग्रेस की न्याय संकल्प सभा में राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रवास के दौरान हिमाचल सरकार को गिराने की मंशा पर खुलकर बोला है। उन्होंने करोड़ों रुपए देकर गोवा की सरकार चोरी की, अरुणाचल की सरकार चोरी की, मध्य प्रदेश की सरकार चोरी की। लेकिन प्रधानमंत्री हिमाचल की सरकार चोरी नहीं कर पाएंगे, क्योंकि हिमाचल की जनता उन्हेेें पहचान चुकी है। राहुल ने कहा कि सारे के सारे भ्रष्ट लोग भाजपा में चले गए है। हालात यह है कि जो हमारे यहां से निकल कर गए हैं, वे पंजाब व महाराष्ट्र में किसानों से बचते भाग रहे हैं।

वे जनता के सामने नहीं आ पा रहे हैं। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी को भ्रष्टाचार का एपी सेंटर करार दिया। उन्होंने कहा कि मोदी ने दुनिया की सबसे बड़ी उगाही योजना लागू की। नरेंद्र मोदी इलेक्टोरल बांड स्कीम लेकर आए। वह कहते थे कि राजनीति को साफ करने के लिए यह योजना लाए। जब सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से कहा कि आप डोनर के नाम बताएं, तो सरकार इसे छिपाने का काम क्यों करती रही। इलेक्टोरल बांड स्कीम में कंपनी पर दबाव डाला जाता है। सीबीआई, ईडी की कार्रवाई होती है। कंपनी रिश्वत देती है,तो जांच बंद हो जाती है। यह इलेक्टोरल बांड स्कीम है। राहुल गांधी ने संविधान की प्रतिकृति लहराते हुए कहा कि लड़ाई इसकी है। भाजपा देश के संविधान को खत्म करना चाहती है, लेकिन हम ऐसा कभी नहीं होने देंगे। यह अंबेडकर, महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू व पूरे देश की जनता की आवाज है। इस किताब के चलते आपको हिमाचल प्रदेश मिला। यह मामूली किताब नहीं है, इसके पीछे हमारे महापुरुषों की सोच है।

इसी तरह नाहन में राहुल गांधी ने कहा कि बरसात में आपदा के दौरान केंद्र सरकार ने हिमाचल के दर्द को नहीं समझा। हिमाचल सरकार ने नौ हजार करोड़ की मदद मांगी थी, परंतु मोदी सरकार ने यह मदद नहीं की। मोदी सरकार ने बीते 10 सालों में देश के 22 करोड़पतियों के 16 लाख करोड़ के कर्ज माफ किए, जबकि हिमाचल के 22 हजार परिवारों का दर्द नहीं समझा। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने जितना पैसा 22 लोगों की कर्जा माफी के लिए दिया, उतने में तो अगले 24 सालों तक किसानों का कर्जा माफ हो सकता था। अपने मित्रों का जितना कर्जा मोदी ने माफ किया है, वह मनरेगा के 24 साल के बजट के समान है। उन्होंने कहा कि मोदी और अडानी की पार्टनरशिप के कारण हिमाचल के किसानों को सेब के सही दाम नहीं मिल पा रहे हैं, क्योंकि मोदी ने सभी कोल्ड स्टोरेज अडानी को दे दिए हैं। किसानों को प्राइज फिक्सिंग का सामना करना पड़ रहा है। अडानी आते हैं, कम दामों में सेब खरीदते हैं और महंगे दामों पर बेचते हैं। किसानों को फसलों के दाम अच्छे नहीं मिल पाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही एमएसपी लागू करेंगे। किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। आशा वर्कर और आंगनबाड़ी वर्करों की दिहाड़ी दोगुना करेगी। मनरेगा की दिहाड़ी 250 रुपए से बढ़ाकर 400 रुपए की जाएगी।

इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही कूड़े में फेंकेंगे अग्रिवीर योजना

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — ऊना

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही अग्रिवीर योजना को कूड़ेदान में फेंक दिया जाएगा। इंडिया गठबंधन की सरकार का पहला काम महालक्ष्मी योजना से पहले, पक्की नौकरी से पहले, किसान कर्ज माफी से पहले अग्रिवीर योजना को कूड़ेदान का रास्ता दिखाना होगा। ऊना के पुलिस लाइन मैदान झलेड़ा में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अग्रिवीर योजना देश की सेना की योजना नही है। इसे प्रधानमंत्री व पीएमओ ने बनाया है।

देश की सेना अपने सैनिकों में भेदभाव नहीं चाहती। सेना तो चाहती है कि सभी को एक समान वेतन मिले,पेंशन मिले व देश के लिए मर मिटने पर एक समान ही शहीद का दर्जा मिले। उन्होंने अग्रिवीर योजना को युवाओं के हितों पर कुठाराघात करार दिया। राहुल गांधी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के युवा सेना में जाते हैं। बार्डर पर खड़े होते है। जिंदगी दे देते है। जान देने को तैयार रहते है। पहले कोई शहीद होता था, तो एक ही कैटेगरी का शहीद होता था। शहीद का दर्जा मिलता था। परिवार की सुरक्षा होती थी। परिवार को पेंशन मिलती थी। नरेंद्र मोदी ने शहीद के दो कैटेगरी बना दीं। एक कैटेगरी नार्मल जवान व अधिकारी, जिसको शहीद का दर्जा मिलेगा, पेंशन मिलेगी, कैंटीन मिलेगी, सारी की सारी प्रोटेक्शन मिलेगी, आदर व सम्मान मिलेगा। दूसरी कैटेगरी जिसे अग्रिवीर कहते हैं, को न ट्रेनिंग मिलेगी, न सुरक्षा मिलेगी, न पेंशन मिलेगी। उसको उठाकर चार साल बाद सेना से बाहर फेंक दिया जाएगा। अमित शाह कहते हैं कि अग्रिवीर को पैरामिलिट्री व पुलिस में नौकरी मिलेगी। सवाल यह नहीं है। सवाल यह है कि अगर हिंदुस्तान का एक युवा देश के लिए शहीद होने को तैयार है, तो उसे वही सम्मान मिलना चाहिए, जो नियमित सैनिक को मिलता है।

हमें दो तरह के शहीद नहीं चाहिए। दो तरीके के जवान नहीं चाहिए। यह इनको छह माह की ट्रेनिंग देंगे व फिर चीन की सेना के आगे खड़ा कर देंगे। चीन की सेना को पांच साल की ट्रेनिंग मिलती है। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जब मनरेगा की योजना लाई थी, तो भी उस पर सवाल उठाए गए थे। लेकिन आज यह सबसे लोकप्रिय योजना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App