Himachal Election : तानाशाही के खिलाफ लड़ रहे राहुल गांधी

By: May 26th, 2024 11:17 pm

डिप्टी सीएम मुकेश अग्रिहोत्री का दावा, जनता के सहयोग से केंद्र में बदलेंगे सरकार

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — ऊना

राहुल गांधी ने पूरे देश में मोदी की तानाशाही के खिलाफ एक निर्णायक लड़ाई लड़ी है। यह बात रविवार को पुलिस लाइन झलेड़ा मैदान में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा के समर्थन में कांग्रेस पार्टी की न्याय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने कही। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हजारों किलोमीटर की यात्रा करके पूरे देश में अलख जगाने का काम किया है। देश का चप्पा-चप्पा पैदल घूमकर उन्होंने हिंदुस्तान की लड़ाई लड़ी है। मुकेश ने कहा कि देश में मोदी का तख्ता पलटने जा रहा है। हिमाचल की जनता भी इसमें शामिल है। प्रदेश की सभी चार लोकसभा सीटों तथा विधानसभा की छह सीटों के उपचुनाव में कांग्रेस बड़ी जीत दर्ज करने जा रही है।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पार्टी से गद्दारी की है, उन लोगों को सबक सिखाने व घर बिठाने का समय आ गया है। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि हिमाचल दौरे पर आए पीएम कह रहे हैं कि प्रदेश सरकार को तोड़ देंगे। अमित शाह भी कांग्रेस की चुनी हुई सरकार को गिराने की बात कर रहे हैं। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि अगले 45 माह कांग्रेस की सरकार ठोंक बजाकर चलेगी।

गांधी परिवार का हिमाचल प्रदेश से गहरा नाता

मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश गांधी परिवार से प्यार करता है। इंदिरा गांधी की बदौलत हिमाचल प्रदेश अस्तित्व में आया। उसके बाद राजीव गांधी, राहुल व प्रियंका का भी हिमाचल से करीबी नाता रहा है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार के गठन में प्रियंका गांधी का अहम योगदान है। अब भी राहुल गांधी के व्यस्त होने पर प्रियंका गांधी को हिमाचल लाने की लोगों की जोरदार मांग है। उन्होंने कहा कि वह ट्रंासपोर्ट मंत्री हैं तथा अनुराग ठाकुर का परमिट रद्द कर दिया है तथा रायजादा को दे दिया है। अब रायजादा दिल्ली जाएंगे, वहीं छह विधायक सीधे शिमला जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App