Himachal Election : शाह आज अंब-धर्मशाला में मांगेंगे वोट

By: May 25th, 2024 12:01 am

अंब के मेला ग्राउंड में 9:30, धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड में 11:30 बजे प्रत्याशियों के पक्ष में करेंगे चुनाव प्रचार

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

चुनाव के नजदीक आते ही हिमाचल प्रदेश में स्टार प्रचारकों का आने का दौर शुरू हो गया है। हिमाचल प्रदेश में सातवें और आखिरी चरण में लोकसभा के चुनाव हैं। देश के गृहमंत्री अमित शाह भाजपा के प्रचार के लिए 25 मई को हिमाचल आएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हिमाचल प्रदेश के ऊना और कांगड़ा जिला में शनिवार को जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नाहन और मंडी में जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद अब शनिवार को देश के गृह मंत्री अमित शाह हिमाचल प्रदेश आएंगे। देश के गृह मंत्री अमित शाह हमीरपुर संसदीय क्षेत्र और कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। गृह मंत्री अमित शाह सुबह 9:30 बजे जिला ऊना के अंब में मेला ग्राउंड में जनसभा कर हमीरपुर से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के पक्ष में वोट मांगेंगे। इसके बाद धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड में सुबह 11:30 बजे कांगड़ा से भाजपा प्रत्याशी डा. राजीव भारद्वाज के पक्ष में प्रचार करेंगे।

भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, छह राज्यों के सीएम और कई अन्य केंद्रीय मंत्री शामिल हैं। भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में हिमाचल भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, दुष्यंत कुमार गौतम, हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल, मनजिंदर सिंह सिरसा, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, हिमाचल बीजेपी के पूर्व प्रभारी अविनाश राय खन्ना, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हिमाचल बीजेपी प्रभारी श्रीकांत शर्मा, हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, मनोज तिवारी, तेजस्वी सूर्या, इंदु गोस्वामी, सिकंदर कुमार, हर्ष महाजन, हिमाचल भाजपा संगठन मंत्री सिद्धार्थन, पवन काजल, त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा और वंदना योगी शामिल हैं। गौर हो कि हिमाचल प्रदेश में इस बार चार लोकसभा सीटों पर चुनाव के साथ छह विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव भी हो रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App