Himachal Election: सत्ता मिलते ही जनता से मुंह मोड़ लिया

By: May 22nd, 2024 12:01 am

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बोले, कांग्रेस ने झूठी गारंटियों से ठगे प्रदेश के लोग

दिव्य हिमाचल टीम — मंडी, पांगी

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। यह हम लोगों का सौभाग्य है कि हमने उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में काम करते हुए देख रहे हैं। इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस के नेता चुनावों में मुद्दाविहीन होने के कारण मर्यादा के विपरीत आचरण कर रहे है। इससे यह साफ हो गया है कि कांग्रेस ने हार मान ली है। अब बस औपचारिकता ही बची है। उन्होंने कहा कि झूठी गारंटियों के दम पर सत्ता में आई कांग्रेस ने सत्ता पाने के बाद प्रदेश के लोगों से मुंह मोड़ लिया। इसकी वजह से आज यह स्थिति आई है कि प्रदेश का विकास पूरी तरह से रुक गया है। वह मंगलवार को सराज विधानसभा क्षेत्र भाटलूधार में के अलावा पांगी घाटी मुख्यालय किलाड़ में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता सत्ता में होने के बावजूद काम की बजाय भाजपा प्रत्याशियों के ऊपर निजी आरोप लगाकर और निम्न स्तर की टिप्पणी करके वोट मांग रहे हैं। कांग्रेस को चुनाव में मर्यादा याद रखनी चाहिए। वे भाजपा के सब्र का इम्तिहान ले रहे हैं। नदेश भर में नरेंद्र मोदी को अपार जनसमर्थन मिल रहा है।

कांग्रेस इस बार 40 सीटें भी नहीं हासिल कर पाएगी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देश के लोग मजबूत और सशक्त भारत चाहते हैं, जो भारत की तरफ बुरी नजर उठाने वालों को घर में घुसकर जवाब दे। उन्होंने पूरे देश ने देखा कि भारत ने किस तरह से सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम देकर पाकिस्तान को साफ संदेश दिया था। जयराम ने कहा कि एक वह भी जमाना था, जब कश्मीर में अनुच्छेद 370 की वजह से दो झंडे होते थे। कश्मीर के लाल चौक में भी तिरंगा झंडा नहीं फहराया जाता था। अब मोदी सरकार द्वारा 370 हटाने से आज वहां का मंजर बदल गया है। घर-घर पर तिरंगा फहरा रहा है।यह परिवर्तन सिर्फ लोगों द्वारा नरेंद्र मोदी को मजबूती देने की वजह से संभव हो पाया है।

मुद्दों पर बात करें, हमारे सब्र का इम्तिहान न ले कांग्रेस

मंडी — पूर्व मुख्यमंत्री ने सराज में कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी देवभूमि की बेटी के बारे में अनर्गल बातें कर रहे हैं। वह हमारे देवभूमि की बेटी के बारे में कहते हैं कि वह जिस मंदिर में जाए, उसे पवित्र करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यह चुनाव प्रधानमंत्री को चुनने का है। इसलिए कांग्रेस मुद्दों पर ही बात करे, तो बेहतर है। नहीं तो इस तरह के निजी आक्षेप पर बात की जाएगी, तो बात बहुत दूर जाएगी। बात कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी तक भी जाएगी। इतिहास किसी का भी खंगाला जा सकता है। इसलिए कांग्रेस को मुद्दों पर बात करे और भाजपा के सब्र का इम्तिहान न ले।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App