समय सारिणी में बदलाव से खाली दौड़ रही हिमालयन क्वीन

By: May 1st, 2024 12:10 am

पर्यटकों को समय सूची के अनुसार नहीं मिल रहे टिकट; एक ही दिन में अप और डाउन करने से भी आ रही दिक्कत, किसान आंदोलन का भी दिख रहा असर

सिटी रिपोर्टर—शिमला
विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर हिमालयन क्वीन की समयसारिणी में बदलाव के बाद से खाली ही दौड़ रही है। ऐसा तब हो रहा है, जब ट्रेन शिमला से कालका की ओर जाती है। पिछले कई महीनों से ट्रेन देरी से शिमला से कालका की ओर रवाना होती है। उस समय में ट्रेन में एक भी सवारी नहीं मिल पा रही है। रेलवे बोर्ड का तर्क है कि हिमालयन क्वीन ट्रेन एक ही दिन में अप और डाउन चल रही है। इस कारण शाम को देरी से शिमला से ट्रेन चल पा रही है। इससे पहले अगले यह ट्रेन एक दिन अप यानी कालका से शिमला जाती थी और दूसरे दिन शिमला से कालका की ओर जाती थी। इससे ट्रेन में सवारियां भी अधिक होती थीं, वहीं किसान आंदोलन के चलते भी कुछ दिक्कतें आ रही हैं। ट्रेन के देरी से चलने के कारण अगली ट्रेनों का फायदा भी यात्री नहीं उठा पा रहे हैं। गौर रहे कि हिमालयन क्वीन की समयसारिणी में जुलाई में कुछ बदलाव किए थे। उसके बाद से इस ट्रेन का फायदा लोगों को नहीं मिल पा रहा है। वर्तमान में यह ट्रेन कालका से शिमला की ओर सुबह 11:55 बजे रवाना हो रही है।

इसके बाद करीब 4:45 बजे ट्रेन शिमला पहुंचती है, जबकि बोर्ड के अनुसार, इस ट्रेन की वापसी का समय शिमला से शाम 6:30 बजे का है और रात 11:25 बजे ट्रेन के कालका पहुंचने का समय है, लेकिन इन दिनों यह ट्रेन शिमला से करीब शाम 7:30 बजे चल रही है और रात 12:30 बजे के बाद ही कालका पहुंच रही है। देरी से ट्रेन के संचालन से इसमें यात्री भी नहीं बैठ रहे हैं। लोगों की ओर से कई बार इस ट्रेन की समय सारिणी के बदलाव की मांग की है, ताकि स्थानीय लोग भी इसका फायदा उठा सके। साथ ही कालका से दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेन को भी आसानी से पकड़ सकें। उधर डीआरएम मनदीप सिंह भाटिया का कहना है कि हिमालयन क्वीन ट्रेन के लेट होने के बारे में पता लगाया जाएगा। इसके लिए ऑपरेशन टीम को कहा गया है। किसान आंदोलन के कारण कुछ ट्रेनों के समय सारिणी से देरी से चल रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App