हिमाचल में सीजन का सबसे गर्म दिन, पारा 40 पार

By: May 6th, 2024 8:06 pm

ऊना और नेरी में बना तापमान का रिकॉर्ड

39 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ धौलाकुआं और बिलासपुर का तापमान

विशेष संवाददाता-शिमला

हिमाचल में तापमान में बड़ा उछाल बीते 24 घंटे के दौरान देखने को मिला है। इस सीजन में पहली बार सोमवार को सबसे ज्यादा मर्गी महसूस की गई। प्रदेश में अब तापमान 40 डिग्री को पार कर गया है। ऊना में सबसे ज्यादा 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है। जबकि नेरी में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस बना रहा। सोमवार से मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी का एहसास हो रहा है। इसके अलावा धौलांकुआ और बिलासपुर में 39 डिग्री, कांगड़ा में 36, मंडी में 35.4, चंबा में 33, धर्मशाला में 32 डिग्री और शिमला में 24.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। प्रदेश में तेजी से बढ़ रही गर्मी का असर मैदानी इलाकों में ज्यादा है।

हालांकि पहाड़ों पर भी तापमान अब बदल रहा है। शिमला का तापमान 26.5 डिग्री पहुंच गया है जबकि मनाली में 24 डिग्री तापमान दर्ज हुआ है। उधर, प्रदेश में आगामी 72 घंटे तक मौसम का मिलाजुला असर रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई है। जबकि मैदानी इलाकों में हल्की बारिश होगी। मौसम विभाग ने नौ मई से यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश भर में नौ मई के बाद भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने इस दौरान लोगों को अतिरिक्त सावधानियां बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने किसानों और बागवानों से फसल को औलावृष्टि से बचाने के लिए आवश्यकत कदम उठाने और एंटी हेलनेट का इस्तेमाल करने को कहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App