पांवटा साहिब में सरेआम धड़ल्ले से हो रहा अवैध खनन

By: May 19th, 2024 12:58 am

यमुना में आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर अवैध खनन जोरों पर, करोड़ों के राजस्व का नुकसान
कार्यालय संवाददाता- पांवटा साहिब
पांवटा क्षेत्र के आसपास से गुजर रही नदियों को दिन-रात अवैध तरीके से छलनी किया जा रहा है। क्षेत्र के करीब आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर अवैध खनन को गुपचुप तरीके से अंजाम दिया जा रहा है। अवैध रूप से नदियों से उठाई जा रही खनन सामग्री से राज्य को भी भारी राजस्व का चूना लगाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार विधानसभा क्षेत्र पांवटा साहिब के यमुना नदी में करीब आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर अवैध खनन जोरों पर है। यहां अवैध रूप से नदियों से खनन सामग्री उठाई जा रही है। इससे न केवल प्रदेश सरकार को करोड़ों के राजस्व का चूना लग रहा है, बल्कि अवैज्ञानिक तरीके से नदियों से उठाई जा रही सामग्री के चलते बाढ़ और भूमि कटाव का खतरा भी पैदा हो रहा है। प्रदेश सरकार अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लाख दावे करती है, लेकिन वास्तव में अवैध रूप से चल रहे खनन के व्यवसाय पर थोड़ा भी फर्क नहीं पड़ा है। जिला खनन विभाग, पुलिस व वन विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग के प्रयास अवैध खनन पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। बता दें कि उपमंडल पांवटा साहिब के साथ लगती यमुना नदी में यमुना पुल, नवादा, रामपुरघाट, भूपपुर आदि स्थानों पर अवैध रूप से नदी से खनिज संपदा पर डाका डाला जा रहा है।

यही नहीं खनन माफिया के हौंसले इतने बुलंद हैं कि वह यमुना नदी के अलावा आसपास के सहायक गिरि नदी में भी अवैध खनन कर रहे हैं। गिरि नदी में बांगरण पुल, सतौन पुल के पास, रेणुका-सतौन मार्ग के साथ लगती उक्त नदी में कई जगह अवैध खनन करते लोगों को देखा जा सकता है, जबकि पांवटा क्षेत्र से लगती एक ओर बाता नदी के किनारों से भी अवैध रूप से खनिज संपदा के रूप में रेत, बजरी, पत्थर आदि बिना अनुमति के उठाया जा रहा है। इसके अलावा हिमाचल-उत्तराखंड की सीमा के साथ लगते खोदरी-माजरी, सहस्रधारा में भी अवैध रूप से खनन को अंजाम दिया जा रहा है। सुबह, शाम व रात के समय खनन कार्य को खनन माफिया अंजाम दे रहा है। प्रशासन व विभाग की नाक तले अवैध खनन का कारोबार फलफूल रहा है। बता दें कि अवैध खनन को रोकने के लिए लगभग एक दर्जन विभागों को सरकार ने जिम्मेदारी सौंपी है। यह की अधिकतर खनन सामग्री उत्तराखंड राज्य के लिए सप्लाई की जा रही है। उधर इस बारे में एसडीएम पांवटा गुंजित चीमा ने बताया कि अवैध खनन कर रहे कारोबारियों के खिलाफ सभी विभागों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस के अलावा माइनिंग विभाग व वन विभाग भी अवैध खनन कारोबारियों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई करता रहता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App