विशेष

IPL 2024: मुंबई की हार का सबसे बड़ा कारण, एक फैसले से पलट गई हाथ आई बाजी

By: May 4th, 2024 1:34 pm

दिव्य हिमाचल डेस्क

आईपीएल सीजन-2024 में इस बार दिग्गजों से भरपूर टीम औंधे मुंह गिर रही है। इनमें जो सबसे पहला नाम है, वह आरसीबी यानी रॉयल चैलेंजर्स बंगलूर का है, जबकि दूसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस की टीम है। यह दोनों ही टीमें प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे के पायदान पर हैं। दोनों अभी तक 3-3 मैच ही जीत सकी हैं। आरसीबी ने अभी तक 10 मैच खेले हैं, जिनमें से सात में उसे हार का सामना करना पड़ा है, जबकि मुंबई की ने 11 मैच खेले हैं, जिनमें से वह आठ मैच गवां चुकी है। बड़ी बात यह है कि दोनों टीमों के प्वाइंट्स माइनस में चले हुए हैं।

कैसे थे पिछले पांच सीजन
आईपीएल इतिहास के पिछले पांच सीजन की बात करें, तो 2023 में मुंबई इंडियंस की टीम प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर थी, जबकि आरसीबी सात जीत के साथ छठे नंबर पर। इसी तरह 2022 में भी मुंबई की हालत पतली थी और चार जीत के साथ सबसे निचले स्थान पर रही, जबकि आरसीबी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया था, फिर 2021 में आरसीबी ने एक पायदान की छलांग लगाई और तीसरे नंबर पर पहुंच गई, जबकि मुंबई पांचवें स्थान पर रही। इससे पहले 2020 और 2019 के सीजन में मुंबई बादशाह रहा। वर्ष 2019 में मुंबई ने उम्मदा प्रदर्शन करते हुए 14 में से नौ मैच जीते और प्वाइंट्स टेबल में टॉप रहकर ट्रॉफी भी अपने नाम की। इसके अगले सीजन 2020 में मुंबई ने फिर कमाल कर दिया और फिर 14 में से 9 मैच जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।

मुंबई ने पांच बार जीती ट्रॉफी
मुंबई ने अब तक आईपीएल के पांच सीजन अपने नाम किए हैं। वर्ष 2013 में मुंबई ने फाइनल में चेन्नई को हराया, फिर 2015 में भी चेन्नई को पराजित किया। फिर 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट् को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। इसके बाद 2019 और 2020 में क्रमश: चेन्नई सुपरकिंग्स और दिल्ली कैपिटल्स को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।

अब क्या बदला
जाहिर है मुंबई पांच बार आईपीएल विजेता रहा है, लेकिन तब कप्तान रोहित शर्मा थे और अब आलराउंडर हार्दिक पांड्या मुंबई की कमान संभाल रहे हैं। रोहित शर्मा ने 2013 से मुंबई इंडियंस की कमान संभाली थी और 2023 तक टीम के कप्तान रहे। यानी कि रोहित की कप्तानी में मुंबई पांच बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर चुका है।

जीता मैच कैसे हारी मुंबई
कोलकाता के खिलाफ शुक्रवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में मुंबई को हार का सामना करना पड़ा। मुंबई ने यह मैच 24 रन से गवां दिया। मैच में मुंबई बेहतरीन खेल दिखा रही थी और एक समय था जब महज छह ओवर में कोलकाता के 57 रन पर पांच विकेट थे, लेकिन उसके बाद मुंबई ने खराब प्रदर्शन करते हुए 169 रन बनवा डाले।

रोहित के बाहर रहने का खामियाजा
केकेआर के खिलाफ मैच में हिटमैन रोहित शर्मा इंपैक्ट प्लेयर के रूप में खेल रहे थे। यानी कि उन्होंने बल्लेबाजी ही की और 11 रन बनाकर आउट हो गए। अब जब केकेआर बल्लेबाजी कर रहा था, तो रोहित शर्मा मैदान के बाहर थे। इस दौरान कप्तान हार्दिक पांड्या ही मैदान में सभी प्रकार के फैसले ले रहे थे। अगर रोहित शर्मा भी फील्ड में होते, तो उनका तुजुर्बा केकेआर को 169 रन बनाने से रोक लेता, क्योंकि छह ओवर में 57 रन पर कोलकाता की आधी टीम पैवेलियन लौट चुकी थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App