Lok Sabha Election 2024: योगी बोले- जेल जाने के बाद फिर गई है केजरीवाल की बुद्धि

By: May 16th, 2024 4:47 pm

बांदा। आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान पर पलटवार करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केजरीवाल की बु्द्धि जेल जाने के बाद फिर गई है। तिंदवारी में हमीरपुर-महोबा लोकसभा सीट के लिए चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा “ अन्ना हजारे के सपनों पर पानी फेरने वाले केजरीवाल अब मेरा नाम लेकर बातें कर रहे हैं। अन्ना ने जिस कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन किया था, केजरीवाल ने उसे ही अपने गले का हार बना लिया है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि जेल जाकर केजरीवाल को पता चल गया है कि अब वह कभी जेल के बाहर नहीं आने वाले हैं। उन्होंने अन्ना हजारे के सपनों पर पानी फेरने का काम किया है। इस पाप के लिए अन्ना हजारे उन्हें कभी माफ नहीं कर सकते। आम आदमी पार्टी ने सत्ता में पहुंचकर अपने ईद-गिर्द भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा लगा दिया है। अन्ना दुखी होते होंगे कि मेरे आंदोलन की उपज किस प्रकार की राजनीति करते हैं। केजरीवाल के जेल में होने से दिल्लीवासी खुश थे कि कम से कम उनकी खांसी बंद थी, अब ये फिर से दिल्ली वालों को खांसने के लिए मजबूर कर देंगे।

उन्होंने कहा कि आज से 10 साल पहले का बुंदेलखंड और आज के बुंदेलखंड में जमीन आसमान का अंतर है। पहले यहां माफिया हावी थे, खनन माफिया, भू माफिया, जंगल माफिया और डकैतों का आतंक था। सपा और कांग्रेस इन माफिया और डकैतों की संरक्षक रही है। ये लोग ऐसे तत्वों को यहां से जनप्रतिनिधि बनाकर भेजते थे, फिर यही माफिया और डकैत जनता का शोषण करते थे और संसाधनों पर डकैती डालते थे। प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर बुंदेलखंड के युवाओं को पलायन करना पड़ता था, बेटियों, बहनों को मीलों दूर सिर पर मटकी रखकर पानी लाने को मजबूर होना पड़ा।

योगी ने कहा “10 साल में आपने बुंदेलखंड को बदलते देखा है। अभी ये शुरुआत है। बुंदेलखंड फिर से देश को लीड करेगा। अब यहां पानी के लिए बेटी और बहन को मीलों नहीं जाना होगा। अब हर घर में नल होगा और नल में जल होगा वो भी आरओ का। कनेक्टिविटी के लिए हर सड़क को टू लेन और फोर लेन बनाया जा रहा है। पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है। डिफेंस कॉरीडोर को ऐसा बनाएंगे कि जब हमारा जवान सीमा पर तोप दागेगा तो उसपर लिखा होगा मेड इन बांदा। अबतक यहां का नौजवान नौकरी के लिए भटकता था। अगले पांच साल बाद दुनिया यहां नौकरी मांगने आएगी। झांसी से लेकर चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर और बांदा को जोड़ते हुए हम नोएडा और ग्रेटर नोएडा से भी विकसित सिटी यहां बसाने जा रहे हैं। ”

उन्होंने कहा कि जिन्होंने बुंदेलखंड को पानी और विकास के लिए तरसाया, बहन बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने का काम किया, नौजवानों की नौकरी पर डकैती डाली, संसाधनों को लूटा खसोटा, इन्हें एक एक वोट के लिए तरसा देना चाहिए। इनकी जमानत जब्त होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा, कांग्रेस, आप, आरजेडी सभी एक ही थैले के चट्टे बट्टे हैं। सत्ता में आते हैं तो आम आदमी का खून चूसते हैं। ये हमारा सौभाग्य है कि हमने बदलते भारत को देखा है। देश आज दुनिया में अपनी प्रतिष्ठा बढ़ा रहा है। गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रहा है। 500 साल बाद भगवान राम विराजमान हुए हैं। उन्होंने कहा कि राम वन के लिए निकले तो चित्रकूट और बुंदेलखंड को चुना। निषादराज जिसके लिए तरसते रहे वो राम फिर से विराजमान हो गए हैं।

योगी ने कहा कि जिसने भी कमल को वोट दिया है वह हर परिवार अयोध्या में राममंदिर का श्रेय ले सकता है। ये पुण्य आपके साथ जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि आपका वोट पापाचारियों, अत्याचारियों, भ्रष्टाचारियों और रामद्रोहियों के लिए नहीं होना चाहिए। आपके वोट ने भारत को आतंकवाद, नक्सलवाद, माफिया और डकैतों से मुक्त किया है। वोट आपका है, देश आपका है और फैसला भी आपका है। इस अवसर पर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री रामकेश निषाद, राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद, बांदा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, हमीरपुर विधायक डॉ मनोज प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App