सहिष्णुता-पारस्परिक सम्मान को बढ़ाती हैं भगवान बुद्ध की शिक्षाएं

By: May 24th, 2024 12:55 am

दोर्जे डक बौद्ध बिहार में भगवान बुद्ध की जयंती समारोह में बोले राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल

सिटी रिपोर्टर—शिमला
किन्नौर, लाहुल-स्पीति बौद्ध सेवा संघ, शिमला तथा भारत-तिब्बत मैत्री संघ शिमला के संयुक्त तत्त्वावधान में गुरुवार को शिमला स्थित दोर्जे डक बौद्ध बिहार, पंथाघाटी में भगवान बुद्ध की जयंती समारोह का आयोजन किया गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित थे। इस अवसर पर राज्यपाल ने समस्त प्रदेशवासियों को बुद्ध जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की करुणा, शांति और आत्मज्ञान की शिक्षाएं सदियों, संस्कृतियों और सीमाओं को पार कर लाखों लोगों को आंतरिक शांति और सार्वभौमिक भाईचारे के मार्ग पर प्रशस्त करती हैं। शुक्ल ने कहा कि मौजूदा परिप्रेक्ष्य में भगवान बुद्ध की शिक्षाएं हमें सहिष्णुता, सहानुभूति और पारस्परिक सम्मान की भावना को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करती हैं। वे हमें सांसारिक लगावों की नश्वरता और सचेतनता और करुणा में निहित जीवन जीने के मूल्य की याद दिलाती हैं। राज्यपाल ने किन्नौर, लाहुल-स्पीति के बौद्ध समुदायों और भारत-तिब्बत मैत्री संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों ने बौद्ध धर्म की समृद्ध विरासत को संरक्षित करने और बढ़ावा देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव भारत और तिब्बत के लोगों के बीच स्थायी मित्रता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का भी एक प्रमाण है। ऐसी सभाओं के माध्यम से हमारा साझा इतिहास और सांस्कृतिक बंधन मजबूत होते हैं, जिससे अधिक समझ और एकता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का प्रयास करें और एक ऐसे विश्व को बढ़ावा दें जहां करुणा, ज्ञान और शांति हो।

श्रवण कुमार-शेडूप वांग्यल को किया सम्मानित
राज्यपाल ने भारतीय समुदाय से सहायक प्राचार्य डाक्टर श्रवण कुमार तथा तिब्बती समुदाय से भिक्षु शेडूप वांग्यल को भारत तिब्बत मैत्री सम्मान-2024 प्रदान किया। इससे पूर्व, भारत तिब्बत मैत्री संस्था शिमला के उपाध्यक्ष सेरिंग दोरजे ने राज्यपाल का स्वागत किया। किन्नौर, लाहुल-स्पीति बौद्ध सेवा संघ शिमला के सदस्य ज्ञान नेगी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में शिक्षारत लाहुल-स्पीति के विद्यार्थियों तथा तिब्बतेयन स्कूल शिमला के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। राज्यपाल ने दोर्जे डक बौद्ध बिहार में पूजा-अर्चना भी की। भारत तिब्बत मैत्री संस्था शिमला के अध्यक्ष एवं किन्नौर, लाहुल-स्पीति बौद्ध सेवा संघ के अध्यक्ष वीएस नेगी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App