नादौन गल्र्ज स्कूल फिर बुलंदियों पर

By: May 8th, 2024 12:06 am

सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों के साथ पढ़ाई में भी छात्राएं नंबर वन

एन भारती-नादौन

नादौन में स्थापित कन्या विद्यालय वर्षों से सफलता के नए आयाम स्थापित कर बुलंदियों की नई ऊंचाइयां छू रहा है। स्कूल की बच्चियों ने सांस्कृतिक, खेल, संस्कृत प्रतियोगिताओं सहित शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रदेश स्तर पर सफलता के झंडे गाड़े हैं। स्कूल की रिद्धिमा शर्मा द्वारा प्रदेश भर में दसवीं कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने से अध्यापकों की मेहनत तथा लगन का अंदाजा लगाया जा सकता है।

स्कूल के वर्तमान स्थान के निकट कभी जेबीटी होस्टल हुआ करता था। वर्ष 1924 ई. के आसपास यहां से 100 मीटर की दूरी पर आर्य समाज पाठशाला हुआ करती थी लेकिन किन्ही कारणों से पाठशाला को बंद करना पड़ा और उसके स्थान पर डिस्ट्रिक्ट बोर्ड प्राइमरी पाठशाला आरंभ की गई जिसकी प्रथम मुख्याध्यापिका कृष्णा खत्री थी। सन् 1957 में सरकार ने इस विद्यालय को अपने नियंत्रण में ले लिया 1960 ई. में इस विद्यालय को राजकीय कन्या उच्च विद्यालय का दर्जा प्रदान किया गया, लेकिन कक्षाएं वर्तमान कन्या विद्यालय में लगती थीं। सन् 1962 में जेबीटी की कक्षाएं आरंभ की गई जो सन् 1969 में बंद कर दी गई। उच्च पाठशाला की प्रथम अध्यापिका विद्या मोला थी।

सन् 1980 में उच्च व प्राथमिक विभाग अलग-अलग हो गया और यहां पर छठीं कक्षा से दसवीं कक्षा तक की पढ़ाई करवाई जाने लगी। इस विद्यालय के लिए विधि चंद ठेकेदार तथा राजा साहिब ने नि:शुल्क भूमि प्रदान की है। आज इस क्षेत्र के बच्च्चों में शिक्षा के साथ-साथ मानसिक एवं शारीरिक विकास की लौ को भली भांति यह विद्यालय प्रज्वलित कर रहा है। एचडीएम

उपलब्धियां

इस विद्यालय में पढक़र कई बच्चियां ऊंचे पदों सहित डाक्टर, इंजीनियर, प्रोफेसर, बैंक मैनेजर के पदों पर पहुंच चुकी हैं गत वर्ष स्कूल की यशिका अवस्थी ने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित क्लैट का टेस्ट पास किया है। इसके अलावा इस वर्ष अंडर-19 वर्ग में समूह गान में प्रथम स्थान, मंत्रोचारण तथा गीतिका में प्रदेश में जिला का प्रतिनिधित्व, अंडर 14 वर्ग में समूह गान, फोक डांस तथा शास्त्रीय गायन में प्रदेश में जिला का प्रतिनिधित्व, बॉलीबॉल में 3 तथा बैडमिंटन में दो बच्चियों का प्रदेश टीम में चयन सहित संस्कृत, सांस्कृतिक, खेल तथा पढ़ाई में अन्य कई उपलब्धियां स्कूल के नाम हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App