पन्ना प्रमुखों को जीत का मूलमंत्र देंगे नड्डा

By: May 5th, 2024 12:55 am

घुमारवीं मंडल भाजपा की बैठक में अनुशासन समिति के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र गर्ग ने वर्कर्ज को दिए चुनावी टिप्स
स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं
8 मई को बिलासपुर मुख्यालय में प्रस्तावित जिलास्तरीय पन्ना प्रमुख सम्मेलन की तैयारियों को लेकर घुमारवीं मंडल भाजपा की मीटिंग में चर्चा की गई। सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए रूपरेखा भी तैयार की गई। इस अवसर पर अनुशासन समिति के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र गर्ग ने कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार किया और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही राज्य की कांग्रेस सरकार की झूठी गारंटियों का भी जनता के बीच पर्दाफाश करने का आहवान किया। गर्ग ने चुनावी टिप्स देने के साथ ही जीत का मूल मंत्र भी दिया। घुमारवीं भाजपा मंडल की बैठक मंडल अध्यक्ष सुरेश ठाकुर की अध्यक्षता में मिलन पैलेस घुमारवीं में हुई। बैठक में पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री एवं प्रदेश भाजपा अनुशासन समिति के अध्यक्ष राजेंद्र गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में पन्ना सम्मेलन के बारे विस्तार से चर्चा की तथा सम्मेलन को सफल बनाने के लिए रूपरेखा तय की गई। उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर.घर जाकर मोदी सरकार की उपलब्धियों व जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करें।

कांग्रेस की ठगबाजी से परेशान लोग पार्टी छोड़ रहे हैं। जबकि इसके विपरीत भाजपा का कुनबा दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। केंद्र सरकार का पिछले दस वर्ष का कार्यकाल इस बात का गवाह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर वादा गारंटी के साथ पूरा हुआ है। कांग्रेस पार्टी केवल चुनावों के समय लोगों को गुमराह करने के लिए डींगें हांकने और झूठे वादों की झड़ी लगाने में कोई कमी नहीं रखती। गर्ग ने कहा कि मोदी सरकार का दस वर्ष का कार्यकाल ऐतिहासिक रहा है। इस अवधि में सरकार ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर मोदी सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं तथा झूठे और भ्रमित करने वाले वादों को लेकर कांग्रेस की पोल भी खोलें ताकि लोग उनके बहकावे में न आएं। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, महामंत्री जोरावर सिंह, पंकज चंदेल, प्रवासी प्रभारी राजेंद्र परिहार व ईश्वर दास सहित अन्य उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App