राहुल गांधी की जनसभा की तैयारियां पूरी

By: May 26th, 2024 12:55 am

आज नाहन के चंबा मैदान में गरजेंगे, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने लिया तैयारियों का जायजा
कार्यालय संवाददाता-नाहन
कांग्रेस नेता राहुल गांधी रविवार को नाहन के चंबा ग्राउंड में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी की तैयारी को लेकर शनिवार को उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान व नाहन के कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने रैली स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि नाहन में आयोजित हो रही इस रैली को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। वहीं करीब 20 से 25 हजार लोग इस रैली में पहुंचेंगे। नाहन में आयोजित हो रही इस रैली में राहुल गांधी के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, प्रदेश की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कई मंत्री व विधायक शामिल रहेंगे।

17 विस क्षेत्रों से पहुंचेगे कार्यकर्ता
नाहन। शिमला लोकसभा सीट पर भाजपा व कांग्रेस में कड़े मुकाबले के आसार हैं। भाजपा के प्रत्याशी सुरेश कश्यप के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। वहीं, अब कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ नेता राहुल गांधी रविवार को नाहन के चंबा ग्राउंड मैदान में शिमला लोकसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। शिमला लोकसभा के प्रभारी व मंत्री रोहित ठाकुर ने इस चुनावी जनसभा की व्यवस्था का जिम्मा संभाला है।

सूत्रों की मानें तो राहुल गांधी की जनसभा में शिमला, सोलन व सिरमौर जिला की 17 विधानसभा सीटों से हजारों की तादाद में पार्टी कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी सिरमौर के अध्यक्ष आनंद परमार व जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव कैप्टन सलीम अहमद ने बताया कि शिमला संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी के लिए राहुल गांधी नाहन में समर्थन जुटाएंगे। आनंद परमार ने लोगों से आह्वान किया है कि वे 26 मई को प्रात: 10:00 बजे होने वाली राहुल गांधी की विशाल जनसभा में शामिल हों।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App