1946.85 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद

By: May 6th, 2024 12:06 am

किसानों को फसल का 3.37 करोड़ रुपए का भुगतान जारी, सीधे खातों में आए पैसे

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

प्रदेश के गेहूं खरीद केंद्रों में रविवार शाम तक किसानों से 1946.85 एमटी गेहूं की फसल खरीद की गई है। प्रदेश में चार मार्च से गेहूं खरीद केंद्र खोल दिए थे। गेहंू खरीद केंद्रों में धड़ाधड़ गेहूं की ब्रिकी हो रही है।  गेहूं की फसल बेचने के लिए विभाग के पोर्टल पर अब तक 938 किसानों ने पंजीकरण करवाया है। 938 में से 763 किसानों को गेहूं की फसल बेचने के लिए टोकन जनरेट किए हैं। विभाग की ओर से गेहूं की फसल का 317 किसानों को 3.37 करोड़ का भुगतान किया है। राज्य नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा किसानों से गेहूं की फसल की खरीद की जाएगी। विभाग द्वारा किसानों से दस हजार मीट्रिक टन गेंहू की फसल खरीदने का लक्ष्य तय किया है। प्रदेश में किसानों से गेहूं की फसल की खरीद करने के लिए दस गेहूं खरीद केंद्र बनाए हैं, जिसमें अनाज मंडी फतेहपुर, मीलवां, इंदौरा, रियाली, नगरोटा बगवां/ टांडा खोहली जिला कांगड़ा, धौलाकुआं, पावंटा साहिब जिला सिरमौर, मार्केट यार्ड नालागढ़, मलपुर बद्दी जिला सोलन तथा मार्केट यार्ड टकारला व रामपुर जिला ऊना शामिल है।

प्रदेश में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य 2275 रुपए प्रति किवंटल तय किया है। किसानों को पोर्टल पर जाकर अपनी फसल का ब्यौरा भरने के बाद किसानों का गेहंू की फसल बेचने के लिए पंजीकरण करना होगा। प्रदेश के किसान खाद्य आपूर्ति विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाने के बाद किसानों को गेहंू की फसल बेचने के लिए टोकन नंबर और तिथि बताई जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App