CM का दावा, प्रदेश सरकार के काम को वोट देगी जनता

By: May 3rd, 2024 12:07 am

सीएम सुखविंदर सुक्खू का दावा, लोकसभा के साथ विधानसभा उपचुनाव की सभी सीटें जीतेगी कांग्रेस

दिव्य हिमाचल टीम— भरमौर, करसोग

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के मतदाता पहली जून को राज्य सरकार के 15 माह में किए गए जनकल्याण कार्यों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करेगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी लोकसभा की चारों सीटें और विधानसभा उपचुनाव में सभी छह सीटें बड़े अंतर से जीतेगी। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के छह विधायक बिक गए और पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ क्रॉस वोट किया। दागी विधायकों ने डिनर और ब्रेकफास्ट हमारे साथ किया और वोट भाजपा के प्रत्याशी को दिया। उन्होंने कहा कि यह कोई अंतरात्मा की आवाज नहीं थी, बल्कि धनात्मा की आवाज थी। डील की किस्त लेने के लिए छह दागी विधायक एक महीने तक हिमाचल प्रदेश के बाहर महंगे होटलों में ठहरते रहे।

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू गुरुवार को भरमौर और मंडी के करसोग में कांग्रेस प्रत्याशी डा. विक्रमादित्य सिंह के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में धनबल से सत्ता हथियाने का षड्यंत्र रचा, लेकिन उनके इरादे कामयाब नहीं हो पाए। इससे पहले भी भाजपा ने महाराष्ट्र और कर्नाटक में पैसों के बल पर कुर्सी हथियाई थी। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने विधानसभा में भगवान को चुनौती दी थी, लेकिन भगवान ने ही राज्य सरकार को बचाया है।

सरकार ने कमाए 2200 करोड़

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जब वर्तमान राज्य सरकार ने सत्ता संभाली, तो खजाना खाली था, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार के दरवाजे बंद किए और एक वर्ष में 2200 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया। इससे प्रदेश में कई विकास कार्य किए जा रहे हैं।

भाजपा की फिल्मी स्क्रिप्ट पढ़ती हैं कंगना, जयराम हैं डायरेक्टर

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा मंडी लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने करसोग की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके सुख-दुख में वे हमेशा साथ हैं। इस क्षेत्र का विकास कांग्रेस सरकार की प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खू ने कहा कि कंगना रणौत जहां भी प्रचार के लिए जाती हैं, वहां पर फिल्म की तरह भाजपा की स्क्रिप्ट पढ़ती हैं। इसके डायरेक्टर जयराम ठाकुर हैं, परंतु जिस फिल्म के डायरेक्टर फ्लॉप हो गए हों, हीरोइन जैसी मर्जी हो, फिल्म फ्लॉप ही रहेगी। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण मंत्री रहते हुए विक्रमादित्य सिंह द्वारा जी जान से काम किया है। हिमाचल प्रदेश 2027 तक आत्मनिर्भर बनेगा तथा 2032 तक हिमाचल प्रदेश पूरे देश का समृद्ध प्रदेश बनकर सामने आएगा ऐसी योजनाएं कांग्रेस सरकार आत्मनिर्भर तथा समृद्ध होने के लिए बनाएगी और उसे पर कार्य करेगी। सीएम सुक्खू ने कहा कि एक राज्यसभा सीट चुराने वालों को अब प्रदेश की जनता लोकसभा की चारों सीट कांग्रेस को जितवाकर अपना जवाब देगी।

गौना से भरमौर के लिए रवाना हुए सीएम सुखविंदर सुक्खू

नादौन — दो दिवसीय प्रवास पर नादौन आए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू गुरुवार सुबह गौना से हेलिकॉप्टर द्वारा भरमौर के लिए रवाना हुए। हेलिकॉप्टर में शिमला से ही कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह आए थे और नादौन पहुंचने के बाद दोनों नेता इक_े ही भरमौर के लिए रवाना हुए। इस प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने जहां एक ओर लोगों की समस्याएं सुनीं, वहीं वह कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों से भी मिलते रहे।

कंगना रणौत भी अच्छी हैं और विक्रमादित्य सिंह भी अच्छे

करसोग के पुराना बाजार जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा कि कंगना भी अच्छी हैं और विक्रमादित्य भी अच्छे हैं। यदि आप विक्रमादित्य को पसंद करते हैं, तो रामलीला मैदान में बैठे सभी लोग सीटियां बजाएं। यह सुनते ही पूरा क्षेत्र सीटियों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा अध्यक्ष के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस के छह बागी विधायकों को अयोग्य घोषित करने वाला फैसला उन्होंने सुनाया है, वह पूरे देश के लिए एक मिसाल बना है और भविष्य में कहीं भी यदि पैसे के दम पर ऐसा होता है, तो हिमाचल में हुए फैसले को सामने रखकर आगामी फैसले होंगे।

भाजपा नेता युवराज ने थामा कांग्रेस का हाथ

करसोग के पुराना बाजार में आयोजित जनसभा के दौरान कांग्रेस पार्टी का परिवार भी और बढ़ गया। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने तोडफ़ोड़ करते हुए भाजपा से जुड़े हुए कई लोगों को पार्टी ज्वाइन करवा कर सबको हैरान कर दिया। गत विधानसभा चुनाव में भाजपा की ओर से टिकट के दावेदार रहे युवराज कपूर ने जहां गुरुवार की जनसभा में मुख्यमंत्री के सामने कांग्रेस का हाथ थाम लिया, तो वहीं कई और भाजपा से जुड़े हुए लोगों ने कांग्रेस का ज्वाइन की ली। इसके चलते कुछ देर के लिए तो माहौल काफी रोचक और गहमागहमी भरा बना रहा। कई लोगों को कांग्रेस में शामिल होता देख मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू सहित सभी कांग्रेस नेताओं के चेहरे खिल उठे।

आनी के पूर्व भाजपा विधायक किशोरी लाल कांग्रेस में शामिल

शिमला — कुल्लू जिला के आनी विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा चुनाव के बीच भाजपा को झटका लगा है। आनी से दो बार के भाजपा विधायक रहे किशोरी लाल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। गुरुवार शाम को ओकओवर शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और मंडी से प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह की मौजूदगी में किशोरी लाल ने कांग्रेस की सदस्यता ली। 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने किशोरी लाल की जगह लोकेंद्र कुमार को टिकट दिया था। टिकट कटने के बाद से किशोरी लाल भाजपा से नाराज चल रहे थे। इस दौरान किशोरी लाल ने भी कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में विक्रमादित्य सिंह को आनी से लीड दिलाई जाएगी।

प्रतिभा बोलीं, भाजपा की नीतियों के कारण बढ़ी महंगाई-बेरोजगारी

विशेष संवाददाता — शिमला

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा है कि भाजपा की नीतियों और निर्णयों से देश में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है। देश में 80 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा ने नीचे अपना जीवन बसर कर रहे हंै। प्रतिभा सिंह ने कहा है कि भाजपा का लोकसभा में 400 पार का दावा विशुद्ध तौर पर पूरी तरह काल्पनिक है। उन्होंने कहा है कि देश बदलाव की ओर बढ़ रहा है। इस बार देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश की चारों लोकसभा सीटे कांग्रेस बड़े अंतर से जीतेगी। मंडी संसदीय क्षेत्र उनकी कर्मभूमि भी है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह नौ मई को मंडी में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App