आपदा में प्रदेश कराह उठा, अनुराग ठाकुर ने एक बार भी राहत के लिए आवाज नहीं उठाई

By: May 24th, 2024 12:54 am

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने केंद्रीय मंत्री पर कसा तंज
स्टाफ रिपोर्टर-अंब
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर स्थानीय मुद्दों पर बात नहीं कर रहे है। अनुराग ठाकुर चार बार हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, लेकिन आज दिन उन्होंने अपने क्षेत्र के लोगों की आवाज नहीं उठाई। प्रदेश में भयंकर आपदा आई और पूरा प्रदेश भयंकर संकट आ गया। कई लोग बेघर हो गए। चारों तरफ हाहाकार मच गया। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने हिमाचल की कोई आवाज़ न उठाकर प्रदेश वासियों के साथ कुठाराघात किया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को रामलीला मैदान अंब में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सेना में भर्ती होकर अपना भविष्य तलाशने वाले नौजवान युवाओं के साथ केंद सरकार ने अग्निवीर योजना शुरू कर खिलवाड़ किया। इस बार भी अनुराग ठाकुर ने अपनी खामोशी बरकरार रखते हुए युवाओं के साथ धोखा किया। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान अनुराग ठाकुर सहित अन्य भाजपा नेता चुप्पी साधे बैठे रहे।

उन्होंने प्रदेश को मजबूती से संभाला और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचाई। उन्होंने कहा कि अब चुनाव आ रहे है तो भाजपा नेता झूठ फरेब बोलकर लोगों को बरगलाने की कोशिश में जुटे है। उन्होंने कहा कि लोग इनकी बातों में न आएं। कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर विकास में भागीदार बनें। मुख्यमुत्री ने कहा कि यह कोई आम चुनाव नहीं है। यह चुनाव देश की तस्वीर व तकदीर का फैसला करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले 15 महीने के रिकॉर्ड को लेकर जनता की अदालत में रखा जा रहा है। हम सच्चे लोग है, इसलिए भगवान ने हमें षड्यंत्रकारियों से लडऩे की जो शक्ति दी है, उसके चलते विरोधियों को नेस्तानाबूद किया जा रहा है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा ने कहा कि जनता उन्हें एक बार मौका दें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App