मुल्थान से बरोट तक मच गई चीख-ओ-पुकार

By: May 11th, 2024 12:55 am

लंबाडग 25 मेगावाट पन विद्युत परियोजना में हुए हादसे से पर्यटकों में भी मच गया हडक़ंप
निजी संवाददाता- मुल्थान
मंडी कांगड़ा सीमा से सटे लंबाडग 25 मेगावाट पन विद्युत परियोजना में हुए हादसे के बाद मुलथान से लेकर बरोट तक चीख-ओ- पुकार मची रही। मुलथान बाजार में कारोबारियों ने भाग कर अपनी जान बचाई जबकि पर्यटन स्थल बरोट में पहुंचे पर्यटकों में भी हडक़ंप मचा रहा। मुल्थान पंचायत की प्रधान दुर्गेश कुमारी ने बताया कि करीब दो सौ परिवार इस हादसे में प्रभावित हुए हैं। लाखों करोड़ों का नुकसान टनल से पानी के रिसाव से हुआ है। वहीं हादसे के बाद प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने पहुंचे तहसीलदार मुल्थान डॉ वरूण गुलाटी ने बताया कि मुलथान बाजार में करीब 50 दुकानें और आसपास के रिहायशी ईलाकों के अलावा किसानों की उपजाऊ भूमि के नुकसान का आकलन किया जा रहा है और नियमों के तहत ही आवश्यक कार्रवाई अमल में लाकर प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान की जाएगी।

पानी के तेज बहाव से सैंकड़ों किसानों की लगभग 6 हैक्टेयर भूमि पर रोपी आलू, प्याज, लहसुन की फ सलें भी तबाह हो गई है। पन विद्युत परियोजना को भी इस हादसे से नुकसान पहुंचा है। वहीं आम लोगों ने कहा की जब तक परियोजना से मुआवजा नहीं मिलता है और सुरक्षा उपाये नहीं किए जाते हैं, तब तक परियोजना में विद्युत उत्पादन नहीं होना चाहिए। उधर ,चीख-ओ-पुकार के आलम के बीच यहां पहुंचे सैलानियों में भी हडक़ंप का आलम रहा। सैलानी भी इधर-उधर से जानकारी जुटाते रहे कि आखिर ऐसा क्या हो गया कि सारा बाजार पानी में डूब गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App