एक अधिकारी और एक चपरासी के सहारे चल रहा ऊना का श्रम कार्यालय

By: May 1st, 2024 12:13 am

कार्यालय में एक लेबर इंस्पेक्टर, दो चपरासी व क्लर्क का एक पद चल रहा रिक्त, निरीक्षक के साथ श्रम अधिकारी को करनी पड़ रही क्लर्की

नगर संवाददाता-ऊना
बेशक एक मई को मजदूर दिवस मनाया जाता है, लेकिन मजदूरों की समस्या के समाधान के लिए सरकार द्वारा खोले गए श्रम कार्यालय ऊना स्वयं कर्मचारियों की समस्या से जूझ रहा है। जिला ऊना में पिछले कुछ समय से औद्योगिक क्षेत्रों का विकास हुआ। लेकिन सरकार श्रम कार्यालय ऊना में रिक्त चल रहे कर्मचारियों के पदों को नहीं भर पाई। हालात यह है कि श्रम कार्यालय ऊना श्रम अधिकारी व एक चपरासी के सहारे चल रहा है। कार्यालय में सबसे महत्वपूर्ण लेबर इंस्पेक्टर की पोस्ट तक खाली चल रही है। इसके अलावा चपरासी के दो पद रिक्त पड़े हुए हैं। वहीं क्लर्क भी यहां तैनात नहीं है।

ऐसे में अकेले श्रम अधिकारी को कार्यालय का काम निपटाने के साथ-साथ उद्योगों का निरीक्षण भी करना पड़ रहा है। कर्मचारियों की कमी के चलते श्रम कार्यालय में जहां कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं कामगारों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी कई-कई दिनों तक चक्कर काटने पड़ रहे हैं। विभागीय अधिकारी द्वारा उच्चाधिकारियों को इस बारे अवगत करवाया गया है, लेकिन अभी तक कर्मचारियों की कमी दूर नहीं की गई है। ऐसे में कार्यालय में काम निपटाना मुश्किल हो गया है। श्रम कार्यालय ऊना में लेबर इंस्पेक्टर की एक पोस्ट ही स्वीकृत है, जोकि रिक्त चल रही है। इसके आलवा चपरासी के दो पद रिक्त चल रहे है। वहीं क्लर्क का एक पद स्वीकृत है, जिसे भी सालों से भरा नहीं गया है। श्रम कार्यालय में लेबर इंस्पेक्टर का प्रमुख पद होता है, जोकि सालों से रिक्त चल रहा है। ऐसे में मजदूर अपनी फरियाद लेकर कहां जाएंगे। सरकार नाम के लिए एक मई को मजदूर दिवस तो मनाती है, लेकिन मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए उचित पग नहीं उठाती दिख रही है। अगर लेबर कार्यालय में अधिकारियों के महत्वपूर्ण पद ही रिक्त होंगे तो उत्पीडऩ का शिकार होने वाले कामगारों को कौन न्याय दिलाएगा? कौन उद्योगों में जाकर निरीक्षण करेगा? कामगार किसके पास अपनी फरियाद रखें? लेबर इंस्पेक्टर का पद रिक्त होने के कारण उद्योगों में निरीक्षण का कार्य भी ठप पड़ गया है।चपरासी के पद रिक्त होने के कारण ऑफिस का कार्य भी प्रभावित हो रहा है।ऊना में टाहलीवाल, बाथू, बाथड़ी, गगरेट, अंब, मैहतपुर, पंडोगा, बसाल, जीतपुर बेहड़ी क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है।

श्रम कार्यालय ऊना में कर्मचारियों की कमी के कारण काम प्रभावित हो रहा है। श्रम कार्यालय में लेबर इंस्पेक्टर, एक क्लर्क सहित दो चपरासी के पद रिक्त चल रहे हंै।
सोहन लाल जलोटा,श्रम अधिकारी जिला ऊना


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App