विक्रमादित्य की संपत्ति घटी, आनंद की तीन गुणा बढ़ी

By: May 10th, 2024 12:08 am

विधानसभा चुनाव के बाद विक्रमादित्य सिंह की चल संपत्ति में 75 लाख की कमी

राकेश शर्मा — शिमला

हिमाचल विधानसभा चुनाव जीतने के बाद मंत्री बनने वाले विक्रमादित्य सिंह की संपत्ति डेढ़ साल में कम हो गई है। विधानसभा चुनाव के दौरान दिए शपथपत्र और अब लोकसभा में पेश किए गए शपथपत्र में उनकी चल संपत्ति के आंकड़ों में यह अंतर नजर आया है। विक्रमादित्य सिंह की चल संपत्ति 75 लाख 67 हजार 286 रुपए कम हुई है। विक्रमादित्य सिंह ने विधानसभा चुनाव में अपनी चल संपत्ति छह करोड़ 97 लाख 35 हजार 691 रुपए दर्शाई थी, जबकि अचल संपत्ति 90 करोड़ रुपए से ज्यादा थी। अब लोकसभा में दोबारा दिए गए शपथ पत्र में विक्रमादित्य सिंह ने अपनी कुल चल सपंत्ति छह करोड़ 21 लाख 68 हजार 405 रुपए, जबकि अचल संपत्ति 90 करोड़ 48 लाख 91 हजार 586 करोड़ रुपए दर्शाई है। विक्रमादित्य सिंह विधानसभा का चुनाव जीतने के बाद सरकार में पहले पीडब्ल्यूडी और खेलमंत्री बनाए गए थे, जबकि उसके बाद उन्हें शहरी विकास विभाग सौंपा गया है। विक्रमादित्य सिंह को कांग्रेस ने इस बार मंडी संसदीय सीट से प्रत्याशी बनाया है।

इस सीट पर उनकी माता प्रतिभा सिंह निर्वतमान सांसद हैं। यहां विक्रमादित्य सिंह का मुकाबला मायानगरी से राजनीति में उतरी कंगना रणौत से होने वाला है। विक्रमादित्य सिंह ने गुरुवार को नामांकन दाखिल किया है और इसी नामांकन में उनकी चल-अचल संपत्ति का पूरा ब्यौरा शामिल है। दूसरी ओर कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से मैदान में उतरे आनंद शर्मा की संपत्ति पिछले आठ सालों में लगभग तीन गुणा हो गई है। 2016 में आनंद शर्मा हिमाचल से सांसद बने थे। उस समय उन्होंने अपने शपथपत्र में जो संपत्ति दर्शाई थी, उसमें उन्होंने साढ़े तीन करोड़ रुपए चल और दो करोड़ 41 लाख रुपए की अचल संपत्ति का खुलासा किया था। 2016 में आनंद शर्मा की कुल संपत्ति पांच करोड़ से ज्यादा थी। जो अब बढक़र 16 करोड़ 68 लाख रुपए हो चुकी है। इसमें 11 करोड़ 38 लाख 90 हजार रुपए की चल संपत्ति है, जबकि पांच करोड़ 30 लाख रुपए की अचल संपत्ति आनंद शर्मा के पास है। आनंद शर्मा राज्यसभा सदस्य रहने से पहले केंद्र में मंत्री भी रह चुके हैं। कांग्रेस ने इस बार कांगड़ा से उन्हें मैदान में उतारा है।

उम्मीदवार चल संपत्ति अचल संपत्ति
वर्तमान में
विक्रमादित्य सिंह 62168405 904891586
नवंबर, 2022 में
विक्रमादित्य सिंह 69735691 90 करोड़
वर्तमान में
आनंद शर्मा 113890425 53000000
2016 राज्यसभा में
आनंद शर्मा 35000000 24100000

मंडी नंबर-1 संसदीय क्षेत्र बनेगा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — मंडी

प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री एवं मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने गुरुवार को निर्वाचन अधिकारी अपूर्व देवगन के समक्ष मंडी संसदीय सीट नामांकन पत्र दाखिल किया। नामाकंन पत्र दाखिल करने के बाद विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह इस चुनाव को जीत कर संसद में मंडी की आवाज बनेंगे और मंडी को देश का नंबर वन संसदीय क्षेत्र बनाया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह पहली बार अपने पिता की कर्म भूमि मंडी संसदीय सीट से चुनाव मैदान में उतरे हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र से वीरभद्र सिंह परिवार का यह दसवां चुनाव है, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह का यह तीसरा और लोकसभा का पहला चुनाव है। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रभारी राजीव शुक्ला और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी उपस्थित रहीं। बता दें कि मंडी संसदीय क्षेत्र से वीरभद्र सिंह ने चार और प्रतिभा सिंह ने यहां पांच बार चुनाव लड़ा है। दोनों छह बार विजयी हुए।

विक्रमादित्य सिंह 97.70 करोड़ के मालिक

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — मंडी

मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह के पास 97.70 करोड़ रुपये से अधिक की चल अचल संपत्ति है। जिसमें 6.21 करोड़ की चल संपत्ति और 90 करोड़ से अधिक अचल संपत्ति शामिल है। बीते वित्तिय वर्ष में उन्होंने गैर कृषि से अपनी आय 53.57 लाख रुपए दर्शाई है। इस समय उनके पास 1.80 लाख रुपए नकद हैं। विक्रमादित्य सिंह ने इस समय बैंकों लोन के रूप में 1.25 करोड़ और प्रदेश सचिवालय की 25 लाख रुपए चुकता भी करने हैं। विक्रमादित्य सिंह के पास 33 लाख रुपए की तीन गाडिय़ां हैं। उनके पास 1785 ग्राम सोना और 13.70 ग्राम डायमंड हैं। 10 लाख रुपए का जिम, लैपटाप और मोबाइल फ ोन हैं। रामपुर में कृषि और बागबानी भूमि है। सराहन, रामपुर और शिमला में आवासीय भवन हैं। अचल संपत्ति की कीमत 90.48 करोड़ रुपए है। उन्होंने करीब दो करोड़ की चल संपत्ति खरीद रखी है। विक्रमादित्य सिंह दिल्ली के सेंट स्टीफं स कालेज से इतिहास विषय में स्नातकोत्तर है। विक्रमादित्य सिंह पर कई मामले भी दर्ज हैं, जिसमें दो मामले घरेलू और सार्वजनिक स्थल पर प्रदर्शन करने के पांच केस न्यायालय में दर्ज हैं। ईडी और आयकर विभाग ने उनके विरुद्ध तीन-तीन केस दर्ज कर रखे हुए और यह मामले न्यायालय में लंबित हैं।

कांगड़ा-चंबा में ईको टूरिज्म पर काम

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला

कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र से कांगे्रस प्रत्याशी आनंद शर्मा ने कहा कि कांगड़ा व चंबा जिलों में ईको टूरिज्म में काम करना उनकी प्राथकिताओं में रहेगा। चंबा जिला में चाहे टनल क्नेक्टिविटी की बात हो या फिर कांगड़ा में रेलवे सेक्टर की बात हो, इन पर भी मजबूती से काम किया जाएगा। प्रदेश के पिछड़े जिलों में माने जाने वाले चंबा जिला में एक बड़ा केंद्रीय संस्थान जैसे कि आईआईआईटी या उसके स्तर का कोई भी संस्थान स्थापित करने का काम किया जाएगा। आंनद शर्मा ने यह बात गुरुवार को धर्मशाला में लोकसभा सीट के लिए नामांकन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में केंद्रीय विश्वविद्यालय के काम को भी जल्द पूरा किया जाएगा। चंबा में केंद्रीय संस्थान के साथ ही मल्टी स्पेशिलिटी कायम करने के लिए काम किया जाएगा। पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल लाइन को लेकर काम करना भी उनकी प्राथमिकता रहेगी। श्री शर्मा ने कहा कि मौका मिलेगा तो आगे और भी बहुत कुछ करेंगे।

आनंद शर्मा के पास 17 करोड़ की संपत्ति

स्टाफ रिपोर्टर — धर्मशाला

कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा ने गरुवार को अपना नामांकन प्रपत्र दाखिल किया। जिसमें उन्होंने शपथ पत्र भी जमा करवाया है, जिसमें प्रत्याशी ने अपनी चल-अचंल संपति का पूरा ब्यौरा सांझा किया है। नामांकन प्रपत्र में जमा करवाए गए एफेडेविट के तहत आंनद शर्मा के पास 17 करोड़ से अधिक की चल-अंचल संपति का ब्यौरा दिया है। इसके साथ ही सोने के गहने की कुल वैल्यू 12 लाख 70 हज़ार के करीब बताई गई है। कांग्रेस के कांगड़ा-चंबा से लोकसभा सांसद के प्रत्याशी आनंद शर्मा ने अपना शपथ प्रपत्र में बताया है कि उनके पाास 70 हज़ार कैश है, जबकि एसबीआई संसद भवन, पार्लियामेंट हाउस, एचडीएफसी बैंक, एमडी एचडीएफसी गुडग़ांव, शिमला सहित विभिन्न बैंकों, म्युचल फंड में 75 लाख, विभिन्न पॉलिसी साढ़े 62 लाख, एलआईसी 25 लाख सहित कुल 11 करोड़, 38 लाख, 90 हज़ार की चल संपत्ति आई है। इसके साथ ही 12 लाख 70 हज़ार रुपए के सोने व डायमंड के गहने भी हैं। इसके साथ ही अचल संपत्ति में गुडग़ांव हरियाणाा में रजिडेंसियल बिल्डिंग, शिमला में घर सहित अन्य अचल संपति को मिलाकर पांच करोड़ 30 लाख रुपए वेल्यू है। वहीं, आंनद शर्मा को किसी भी बैंक व सरकारी ऋण का कोई भी कर्ज नहीं है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App