विनोद सुल्तानपुरी की हुंकार ने भरा शिमला सीट में रोमांच

By: May 14th, 2024 12:16 am

चौड़ा मैदान की जनसभा में सुल्तानपुरी बोले-अच्छा होता नामांकन भरने से पहले जनता की राय ले लेते सुरेश कश्यप

विशेष संवाददाता—शिमला
शिमला संसदीय सीट के प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी ने भारी भीड़ जुटाकर शिमला सीट पर मुकाबले का रोमांच बढ़ा दिया है। सुल्तानपुरी के शक्ति प्रदर्शन में कांग्रेस के सभी दिग्गज एक साथ खड़े नजर आए। कांग्रेस ने भाजपा की जनसभा के ठीक एक दिन बाद चौड़ा मैदान में भीड़ जुटाकर साफ संदेश दे दिया है कि पार्टी को हल्के में नहीं लिया जा सकता है। सोमवार को जनसभा स्थल में तिल धरने को जगह नहीं थी। इस सीट पर उनका सीधा मुकाबला भाजपा के प्रत्याशी और निवर्तमान सांसद सुरेश कश्यप से होने वाला है। शिमला संसदीय सीट पर सबसे खास बात यहां से पांच मंत्री और तीन सीपीएस का होना है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू खुद भी शिमला संसदीय सीट में टिकट घोषित होने के बाद से लगातार प्रचार कर रहे हैं। सोमवार को नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए विनोद सुल्तानपुरी ने अपनी जीत का भरोसा जताया है। सुल्तानपुरी ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी अपने मुंह मिठ्ठू बने हुए हैं, जबकि उन्हें नामांकन दाखिल करने से पहले एक बार शिमला संसदीय क्षेत्र की राय ले लेनी चाहिए थी।

इससे उन्हें इस बात का पता चल जाता कि इस बार लोग क्या चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें लोगों का भरपूर प्यार मिल रहा है। इसके बूते इस बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत होने वाली है। नामांकन दाखिल करने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के साथ विनोद सुल्तानपुरी खुली जीप में चौड़ा मैदान पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के पक्ष में जमकर नारेबाजी की। विनोद सुल्तानपुरी को शिमला में माकपा का भी समर्थन मिल गया है। विनोद सुल्तानपुरी यहां से इंडि-एलायंस के उम्मीदवार होंगे। माकपा नेता राकेश सिंघा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता विनोद सुल्तानपुरी की जनसभा में पहुंचे थे। यहां से माकपा नेता राकेश सिंघा ने कांग्रेस उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया।

विनोद में दिख रहा पिता केडी सुल्तानपुरी का अक्स
विनोद सुल्तानपुरी को फील्ड में लोग उनके पिता के नाम से भी जान रहे हैं। पुराने कांग्रेसी उन्हें कहीं गले लगा लेते हैं तो कहीं उनमें उनके पिता अक्श देखते हैं। पूर्व सांसद केडी सुल्तानपुरी 1980 से 1998 तक लगातार छह बार सांसद रहे हैं। अब विनोद सुल्तानपुरी उनके उत्तराधिकारी के तौर पर मैदान में हैं। शिमला संसदीय सीट में भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर भी प्रचंड बेग से बह रही है और इसका बड़ा फायदा विनोद सुल्तानपुरी को मिलता हुआ नजर आ रहा है। युवा और महिलाओं में विनोद सुल्तानपुरी की अच्छी-खासी पकड़ है। सबसे खास बात यह है कि विनोद सुल्तानपुरी के सोलन में घर हैं तो सिरमौर में ससुराल हैं।

आऊं थारा छोटू आसू
विनोद सुल्तानपुरी ने जनसभा में लोगों को अपनी बोली से बांधने का भी प्रयास किया। उन्होंने कहा कि आऊं थारा छोटू आसू, आऊं थारा बेटा इतना कहते ही समूचा चौड़ा मैदान तालियों से गूंज उठा। उन्होंने आगे कहा कि आऊं थारी खातिर काम करने, आऊं थारे वादे पूरे करने। सुलतानपुरी ने कहा कि वे पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह का समर्थन उन्हें विधानसभा चुनाव में मिला है उसी तरह का आशीर्वाद की कामना करता हूं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी पर तंज कसते हुए कहा कि जो सांसद आपकी आवाज सांसद में नहीं उठा पाया क्या आप उसे वोट देंगे। आपदा के दौरान जो चुना हुआ प्रतिनिधि जनता के बीच न दिखाई दे क्या आप उसे सांसद चुनेंगे। यह सवाल आप एक जून को अपने मन में रखकर अपना मतदान करना। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 15 माह में कई महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी कार्य किए हैं। जिसका असर जनता में दिख रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App