WEATHER : नौतपा शुरू छह राज्यों में लू का रेड अलर्ट, 49 डिग्री तक जा सकता तापमान

By: May 26th, 2024 12:08 am

राजस्थान में तीन दिन में 18 मौतें, देश में बिजली की मांग बढ़ी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
शनिवार से देश में नौतपा शुरू हो गया है और यह दो जून तक रहेगा। इस दौरान देश के कुछ हिस्सों में तापमान 49 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, पंजाब और हरियाणा के लिए लू (हीटवेव) का रेड अलर्ट जारी किया है। ज्योतिष के हिसाब से सूर्य कृतिका से रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है, तब से नौ दिन तक नौ तपा होता है।

उत्तर भारत में औसत अधिकतम तापमान 49 और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस रहा। राजस्थान में गर्मी से गुरुवार को नौ, शुक्रवार को पांच और शनिवार को चार मौतें हुई हैं। राज्य में तीन दिन में यह आंकड़ा 18 हो गया है। भोपाल-हैदराबाद इंडिगो की फ्लाइट भी एक घंटे देरी से रवाना हुई। बताया गया कि बाहर का तापमान ज्यादा होने के चलते इंजन रिस्ट्रिक्टेड मोड में चला गया था। उधर, कश्मीर घाटी में भी तापमान बढ़ा है। यहां 23 मई को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह 11 साल में सबसे ज्यादा रहा। उधर, देश की पावर डिमांड बढक़र सीजन के सबसे ऊंचे स्तर 239.46 गीगावाट पर पहुंच गई। पावर मिनिस्ट्री के डेटा के मुताबिक पिछले साल पावर डिमांड का ऑल आइम हाई 243.27 गीगावाट सितंबर 2023 में रिकार्ड किया गया था। इस साल गर्मी के मौसम में यह रिकार्ड टूटने की संभावना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App