Anurag Thakur: बीजेपी में पांच बार जीतने वाले पहले सांसद बने अनुराग
चारों लोकसभा क्षेत्रों से आज तक हैट्रिक से आगे नहीं बढ़ पाया पार्टी का कोई सांसद
नीलकांत भारद्वाज-हमीरपुर
हमीरपुर पार्लिमेंटी जिसे लोकसभा चुनावों में पिछले कई वर्षों से बीजेपी का गढ़ कहा जा रहा है, इस बार पांचवीं दफा भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर की ऐतिहासिक जीत ने इस बात को और पुख्ता कर दिया है। अनुराग ठाकुर इस बार हुई इस जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी में हिमाचल प्रदेश के पहले ऐसे सांसद बन गए हैं जो हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की पिच पर लगातार पांच टर्म से नाबाद पारी खेल रहे हैं। आपको बता दें कि उनसे पहले हिमाचल भाजपा में कोई ऐसा सांसद नहीं रहा जिसने लगातार पांच बार जीत हासिल की हो। अनुराग से पहले सांसद रहे सुरेश चंदेल ऐसे एमपी रहे हैं जो लगातार तीन बार यहां से सांसद रहे हैं। हां कांग्रेस में ऐसा रिकॉर्ड शिमला संसदीय सीट से केडी सुल्तानपुरी ने बनाया था। वे शिमला सीट से 1980 से लेकर 1999 तक लगातार छह बार सांसद रहे थे, लेकिन भाजपा में हमीरपुर संसदीय सीट से ऐसा गौरव युवा सांसद अनुराग ठाकुर को ही मिला है। प्रदेश की चारों सीटों हमीरपुर, मंडी, कांगड़ा और शिमला संसदीय क्षेत्र से दोनों ही पार्टियों में कई दिग्गज नेता रहे जो दो, तीन या चार बार भी सांसद रहे लेकिन लगातार वो जीत हासिल नहीं कर पाए।
यहां तक कि प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे डा. वाईएस परमार, वीरभद्र सिंह, शांता कुमार और प्रो. प्रेम कुमार धूमल भी दो या तीन बार सांसद रहे हैं लेकिन लगातार पांच बार सांसद बनने का जो गौरव अनुराग ठाकुर ने हासिल किया है वो अद्भुत और अकल्पनीय है। इस बार तो खास तौर पर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र पर हिमाचल के अलावा पूरे देश की निगाहें थीं क्योंकि पहली बार ऐसा था जब यहां कांग्रेस का पलड़ा भारी था। पार्लिमेंट्री से प्रदेश सरकार में कांग्रेस के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और एक कैबिनेट मंत्री की उपस्थिति अपने आप में बड़ी बात थी लेकिन उसके बावजूद बीजेपी के इस दुर्ग पर सेंधमारी करने में कांग्रेस असफल रही। हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, मंडी और कांगड़ा पांच जिलों तक फैली 17 विधानसभा क्षेत्रों वाली इस पार्लिमेंट्री में हालांकि प्रदेशस्तर पर कांग्रेस का पलड़ा भारी थी लेकिन ऐन वक्त पर हर बार की तरह अनुराग ठाकुर फिर बाजी मार गए। एचडीएम
2008 में हुई थी एंट्री
बताते चलें कि अनुराग ठाकुर पहली दफा वर्ष 2008 में हमीरपुर पार्लिमेंट्री में हुए लोकसभा का चुनाव जीते थे। उसके बाद 2009 के आम चुनाव, फिर 2014 में और फिर 2019 में और इस बार वर्ष 2024 में लगातर उन्होंने हमीरपुर पार्लिमेंट्री से चुनाव जीता। अनुराग ठाकुर ने पहली बार कांग्रेस नेता ओपी रतन, दूसरी बार कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़े नरेंद्र ठाकुर, तीसरी बार सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा, चौथी बार बिलासपुर से कांग्रेस नेता ठाकुर रामलाल और इस बार जिला ऊना से ताल्लुक रखने वाले पूर्व विधायक सतपाल रायजादा को पराजित किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
