लिप्पा में 2.62 करोड़ से बनेगा बैली ब्रिज
बागबानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने दी सौगात, पानसारिंग संपर्क सडक़ मार्ग का किया शिलान्यास
दिव्य हिमाचल ब्यूरो—रिकांगपिओ
अपने गृह क्षेत्र किन्नौर पहुंचे राजस्व, बागबानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने पूह उपमंडल के लिप्पा पंचायत क्षेत्र का दौरा किया। लिप्पा पहुंचने पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों सहित ग्रामीणों ने नेगी का फूल मालाओं सहित वाद्य यंत्रों से स्वागत किया। इस प्रवास के दौरान उन्होंने लिप्पा पंचायत क्षेत्र में दो करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से बने बैली ब्रिज का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने लिप्पा में ही दो करोड़ 50 लाख रुपए की राशि से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन तथा दो करोड़ 23 लाख रुपए की लागत में बनने वाले पानसारिंग संपर्क सडक़ मार्ग का भी शिलान्यास किया। लिप्पा पंचायत क्षेत्र के दौरे के दौरान नेगी ने जनता सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में विकास का कई आयाम स्थापित किए जा रहे है।
जनजातीय क्षेत्र किन्नौर में वन अधिकार अधिनियम के तहत पात्र लोगों को भूमि उपलब्ध करवाने के लिए सरकार प्रयासरत है। इस प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए ब्लॉक सहित जिला स्टर पर कमेटियों का गठन किया गया है, ताकि सभी पात्र व्यक्तियों को भूमि उपलब्ध करवाई जा सके। इस दौरान नेगी में प्रदेश के छह विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव को लेकर भाजपा पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने यह स्पष्ट कर दिया कि वह भारतीय संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर चलने वालों के साथ है। धनबल का प्रयोग करने वालों को स्वीकार नहीं करेगी। इस दौरान नेगी ने ग्रामीणों की जनसमस्याएं भी सुनी तथा कई अधिकारियों को मौके पर ही कार्यों को निपटाने के भी आदेश दिए। इस दौरे के दौरान जिला प्रशासन सहित कई विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App