इस साल रिटायर होंगे 288 प्रिंसीपल

By: Feb 9th, 2025 10:02 pm

प्रदेश भर के सरकारी स्कूलों से कितने सेवानिवृत्त होंगे प्रधानाचार्य, पूरा ब्यौरा तैयार

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

राज्य के सरकारी स्कूलों से इस साल 288 प्रधानाचार्य सेवानिवृत्त होंगे। उच्च शिक्षा निदेशालय ने इस बारे में अधिसूचना जारी कर दी है। ये पद ज्यादा समय तक खाली न रहें, इसके लिए शिक्षा विभाग ने अभी से इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। हर जिला से स्कूलवार ब्यौरा तैयार कर दिया है कि किस स्कूल में कब प्रधानाचार्य का पद खाली होगा। विभाग ने पदोन्नति के लिए पैनल तैयार कर दिया है। लेक्चरर व हैडमास्टर कोटे से प्रधानाचार्यों के पदों को भरा जाएगा। इसके लिए एसीआर व अन्य औपचारिक्ताओं को पूरा करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रधानाचार्य बनने के लिए मुख्य अध्यापक और लेक्चरर कैडर का कोटा तय है। कोटे के हिसाब से ही पदोन्नति की जाएगी।

निदेशक उच्चतर शिक्षा डा. अमरजीत शर्मा ने कहा कि इस साल स्कूलों में कितने प्रधानाचार्य, मुख्य अध्यापक सेवानिवृत्त होंगे, इसका पूरा रिकार्ड तैयार कर लिया गया है। जल्द ही खाली पद भर लिए जाएंगे। तब तक संबंधित उप प्रधानाचार्य अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे। सबसे अधिक प्रधानाचार्य कांगड़ा, मंडी और शिमला जिला के स्कूलों से सेवानिवृत्त होंगे।

प्लेसमेंट के बजाय नियमित की मांग

प्रवक्ता व मुख्य अध्यापक से प्रधानाचार्य बनते हैं। अभी विभाग प्लेसमेंट आधार पर इन्हें नियुक्तियां दे रहा है। यानि इन्हें जो वित्तीय व अन्य लाभ प्रधानाचार्य बनने के बाद मिलने चाहिएं, वे नहीं मिल पा रहे हैं। सरकार से मांग की गई है कि वह प्लेसमेंट के बजाय नियमित आधार पर प्रधानाचार्यों के पद पर पदोन्नति दे व सभी लाभ दे। हिमाचल सरकार वर्ष 2017 से सरकारी स्कूलों में प्रिंसीपल को प्लेसमेंट के जरिए लगा रही है। इस बीच अधिकांश स्कूल प्रिंसीपल रिटायर भी हो गए, लेकिन रेगुलर नहीं हुए। इनकी संख्या 2000 से ज्यादा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App