ऑनलाइन निवेश के नाम पर पंद्रह लाख की ठगी

By: Nov 26th, 2025 12:02 am
cyer crime

फर्जी कंपनी ने पूर्व सैनिक को बड़े मुनाफे का लालच देकर पैसे लूटे, मामला दर्ज
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
जिला चंबा में आनलाइन निवेश के नाम पर फर्जी कंपनी द्वारा एक पूर्व सैनिक के साथ करीब पंद्रह लाख रुपए की ठगी करने का मामले सामने आया है। पीडि़त की ओर से पुलिस अधीक्षक को सौंपे शिकायत के आधार पर सदर थाना चंबा में मामला दर्ज कर लिया गया है। पूर्व सैनिक गुरवचन सिंह गांव नौधा ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा है कि एचआईसी, क्यूआईबी, एचडीएफसी सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड ट्रेड निजी निवेश कंपनियों के नाम पर फोन काल और मैसेज प्राप्त होने लगे। काल करने वाले व्यक्तियों ने स्वयं को कंपनी के अधिकृत अधिकारी बताते हुए उसे बड़े मुनाफे का लालच दिया। और कहा कि उनके प्लेटफार्म पर निवेश करने से कम समय में अच्छा रिटर्न मिलेगा।

कंपनी के प्रतिनिधियों के बार-बार आग्रह और भरोसा दिलाने पर वह उनके जाल में फंस गया। आरोपियों ने एक वेबसाइट और लिंक भेजकर वहां निवेश की प्रक्रिया शुरू करवाई। इसके बाद 17 अगस्त 2025 को कंपनी के बताए गए यूपीआई नंबर आरटीजीएस नंबर के माध्यम से कुल 7,14, 71, 192 रुपए की राशि जमा कर दी। निवेश की राशि जमा होते ही कंपनी के प्रतिनिधियों ने पहले कुछ दिनों तक लाभ देने का दावा किया। मगर जैसे ही उसने मुनाफा और मूलधन वापस मांगा तो कंपनी के लोगों ने फोन उठाना बंद कर दिया। इस ठगी की शिकायत वह पहले ही साइबर सैल शिमला में दर्ज करवा चुके हैं। उन्होंने बताया कि अब एक बार फिर से कंपनी के प्रतिनिधि फिर से सात लाख 74 हजार रुपए की डिमांड कर रहे हैं।

पुलिस ने शिकायत पर शुरू की जांच पड़ताल
पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। पुलिस अब बैंक खातों, लेन-देन विवरण, काल रिकार्ड और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही साइबर सेल की सहायता से कंपनी और ठगों के नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, डीएसपी चंबा रंजन शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App