डेटा साइंस से रोबोटिक्स तक…तैयार होंगी AI बुक्स, 11वीं-12वीं की पढ़ाई पर काम कर रही NCERT की टीम
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की नई किताबें स्कूली शिक्षा के लिए नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क के आधार पर तैयार की जाएंगी। सीनियर स्तर पर 11वीं व 12वीं क्लॉस के लिए एआई का सिलेबस तैयार करने की टीम में देश के IITs के प्रोफेसर समेत बड़ी कंपनियों के अधिकारी शामिल हैं।
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद ने 16 सदस्यों की टेक्स्टबुक डिवेलपमेंट टीम बनाई है, जो तय करेगी कि सीनियर क्लासेज में छात्रों को एआई विषय में क्या पढ़ाया जाएगा। इसके बाद टेक्स्टबुक्स तैयार होंगी। शिक्षा मंत्रालय ने एआई और कम्प्यूटेशनल थिंकिंग को आगे बढ़ाने के लिए तीसरी क्लास से ही एआई की पढ़ाई शुरू करवाने का फैसला लिया है। नए सेशन से एआई की किताबें तैयार होंगी ताकि छात्रों को पहले दिन से ही इस विषय की पढ़ाई करने का मौका मिले।
एक्सपट्र्स तैयार करेंगे स्टडी मटीरियल
एआई के सिलेबस और टीचिंग लर्निंग मटीरियल तैयार करने की टीम में आईआईटी मद्रास, आईआईटी बॉम्बे, आईआईटी जोधपुर, भारतीय विज्ञान संस्थान बंगलुरू, सेंटर ऑफ पॉलिसी एंड गवर्नेंस दिल्ली, एनसीईआरटी, सीबीएसई के प्रोफेसर और एकेडमिक एक्सपट्र्स शामिल हैं।
इस आधार पर तैयार होगा सिलेबस
बदलते दौर में एआई कंपनियों के कामकाज को कैसे प्रभावित कर रहा है और आने वाले समय में क्या बदलाव होंगे। इसे ध्यान में रखते हुए सिलेबस तैयार होगा। एनसीईआरटी ने बड़ी कंपनियों के एक्सपट्र्स को भी सिलेबस कमिटी में शामिल किया है। माइक्रोसॉफ्ट इंडिया के एक्सपर्ट भी टीम में है।
प्रोजेक्ट-बेस्ड टीचिंग पर फोकस
मंत्रालय के एक सीनियर अधिकारी का कहना है कि एक अच्छे एआई मॉडल सिलेबस में मैथ्स, प्रोग्रामिंग, मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग शामिल होने चाहिए। डेटा साइंस यानी डेटा माइनिंग, विज़ुअलाइजेशन) और विशेषज्ञता वाले क्षेत्र कम्प्यूटर विजन, रोबोटिक्स को भी कवर किया जाएगा। इसमें प्रोजेक्ट-बेस्ड टीचिंग पर भी फोकस होगा। बताया जा रहा है कि अभी ज्यादातर सीबीएसई के स्कूलों में एआई की पढ़ाई होती है लेकिन अगले वर्ष से देश के हर शिक्षा बोर्ड के छात्रों को एआई की पढ़ाई का मौका मिलेगा।
सभी छात्रों के लिए कॉमन करिकुलम
अगले वर्ष से इस विषय की पढ़ाई करने वाले छात्रों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। इसी को ध्यान में रखकर एनसीईआरटी नए सेशन से पहले ही एआई की किताबों की प्रिंटिंग पूरी करेगा और किताबों की कमी नहीं होगी। अगले वर्ष से एनसीईआरटी का सिलेबस और किताबें होंगी। सभी छात्रों के लिए कॉमन करिकुलम होगा। सीबीएसई ने एआई करिकुलम का ड्रॉफ्ट एनसीईआरटी को भेजा है और विशेषज्ञों की यह कमेटी बोर्ड के करिकुलम को भी स्टडी करेगी। सीबीएसई स्कूलों में तो 8वीं से एआई की पढ़ाई का विकल्प है लेकिन राज्यों के शिक्षा बोर्ड में सभी छात्रों को यह विकल्प नहीं मिलता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
