HP Weather: हिमाचल में 10 दिसंबर तक रहेगा Dry Spell, बढ़ेगी सर्दी, पारा लुढक़ने के भी आसार
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश में सूखे की मार से बागवान और किसान परेशान हो रहे हैं। वहीं मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि राज्य में 10 दिसंबर तक पूरा ड्राई स्पैल जारी रहेगा। लगातार सूखे मौसम के बीच पहाड़ों में रातें और ज्यादा सर्द होने लगी हैं, जबकि दिन के तापमान में भी गिरावट का दौर जारी है। मौसम केंद्र शिमला की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रिकार्ड किया गया। राज्य में सबसे कम तापमान ताबो में -7.0 डिग्री दर्ज हुआ, जो सीजन के शुरुआती दौर की कड़ाके की ठंड को साफ दिखा रहा है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई जबकि पांवटा साहिब का अधिकतम तापमान 27 डिग्री पहुंचा।
कई जगहों पर सुबह-सुबह घना से लेकर हल्का कोहरा छाया रहा। बिलासपुर में जहां विजिबिलिटी 100 मीटर तक पहुंच गई, वहीं मंडी और सुंदरनगर में भी मध्यम व उथला कोहरा छाया रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और पूरे राज्य में 1 दिसंबर से 10 दिसंबर तक लगातार ड्राई स्पेल बने रहने की पूरी संभावना है। ऐसे में पर्वतीय जिलों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है तथा उच्च पर्वतीय इलाकों में पाला पडऩे की संभावनाएं बढ़ेंगी। सूखे मौसम के चलते सुबह और शाम की ठंड तेजी से बढ़ रही है।
दिनभर धूप खिलने के बावजूद पहाड़ी इलाकों में कंपकंपी बढ़ी है। मौसम विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में रातें और ज्यादा सर्द और दिन हल्के ठंडे रहेंगे। किसानों और बागवानों को सलाह दी गई है कि तापमान में गिरावट को देखते हुए फसलों और पौधों की सुरक्षा के जरूरी कदम उठाएं। राज्य में फिलहाल कोई बारिश-बर्फबारी का सिस्टम सक्रिय नहीं है और मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि अगले दस दिनों तक हिमाचल पूरी तरह शुष्क रहेगा, लेकिन ठंड का प्रकोप बदस्तूर जारी रहेगा।
कहां कितना तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 6.2, सुंदरनगर 3.5, भुंतर 3.0, कल्पा -0.9, धर्मशाला 7.2, ऊना 7.0, नाहन 7.6, पालमपुर 4.2, सोलन 3.5, मनाली 1.1, कांगड़ा 6.0, मंडी 6.3, बिलासपुर 8.2, हमीरपुर 5.6, जुब्बड़हट्टी 7.2, कुफरी 4.6, कुकुमसेरी -4.3, नारकंडा 1.8, भरमौर 5.0, रिकांगपिओ 1.7, सेऊबाग 1.5, बरठीं 6.5, सराहन 5.1, देहरा गोपीपुर 7.0, ताबो -7.0 व बजौरा में 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
अभी 10 दिसंबर तक ड्राय स्पैल चलने वाला है। अभी तक जो आंकाड़ा आया है उसमें 10 दिसंबर तक सभी क्षेत्रों में मौसम साफ ही रहेगा। हालांकि तापमान में गिरावट जरूरत दर्ज हो रही है।
-संदीप कुमार, मौसम विशेषज्ञ शिमला
—-पंकज चौहान
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
