एचपीयू ने हराई श्रीदेव सुमन उत्तराखंड यूनिवर्सिटी, नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट चैंपियनशिप में जीता पहला मैच

By: Nov 25th, 2025 9:41 pm

कार्यालय संवाददाता— बिलासपुर

इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट प्रतियोगिता (नॉर्थ जोन) में हिमाचल ने जीत से खाता खोला है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड यूनिवर्सिटी के साथ हुए मुकाबले में एचपीयू शिमला ने दो विकेट से जीत हासिल की। हिमाचल की इस जीत में आगामी दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जाने वाली इंडियन यूनिवर्सिटी क्रिकेट टीम में चयनित आर्यव्रत शर्मा की नाबाद कप्तानी पारी की अहम भूमिका रही। अलीगढ़ में मंगलवार सुबह श्रीदेव सुमन उत्तराखंड यूनिवर्सिटी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में 93 रन बनाए। एचपीयू की ओर से विनय ने धारदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए। फिर जीत के लिए 94 रन का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी एचपीयू शिमला ने 24 रन पर दो विकेट गंवा दिए।

44 रन के कुल स्कोर तक आधी टीम के पैवेलियन लौट जाने से हार का संकट मंडराने लगा, लेकिन फिर कप्तान आर्यव्रत शर्मा ने मोर्चा संभाला। मुश्किल हालातों में दबाव में आए बिना उन्होंने तीन गगनचुंबी छक्कों के साथ 35 गेंदों में 40 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को विजयश्री दिलवाने में अहम भूमिका निभाई। हिमाचल ने 17.4 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 97 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App