बीजेपी बंगाल में मुझे छुएगी तो पूरे देश में नींव हिला दूंगी, एसआईआर विरोध मार्च में गरजीं ममता, चुनाव आयोग को भी घेरा

By: Nov 26th, 2025 12:01 am

एजेंसियां— कोलकाता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को बोंगांव के चंदपारा से उत्तर 24 परगना जिला के ठाकुरनगर तक विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) के खिलाफ एक जोरदार विरोध मार्च का नेतृत्व किया। करीब तीन किलोमीटर लंबा यह पैदल मार्च बोंगांव के त्रिकोण पार्क (ट्राइकोन पार्क) से शुरू हुआ, जहां इससे पहले एक बड़ी जनसभा भी हुई। जनसभा में ममता बनर्जी ने एसआईआर प्रक्रिया को ‘अराजक’ और ‘धमकी भरा’ करार देते हुए इसका कड़ा विरोध किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी बंगाल में मुझे नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगी, तो मैं पूरे देश में भाजपा की जड़ें हिला दूंगी। भाजपा राजनीतिक रूप से मेरा मुकाबला नहीं कर सकती, न ही मुझे हरा सकती है।

सीएम ने कहा कि चुनाव आयोग अब निष्पक्ष संस्था नहीं रहा, यह बीजेपी कमीशन बन गया है। क्या भाजपा शासित राज्यों में एसआईआर कराना यह स्वीकार करना है कि वहां घुसपैठिए मौजूद हैं?

एमपी में बीएलओ को हार्ट अटैक, यूपी में जहर निगला

भोपाल, लखनऊ। मध्य प्रदेश में शहडोल जिला के जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र के बूथ क्रमांक 212 के बीएलओ एवं शिक्षक मनीराम नापित का सोमवार शाम अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह सर्वे कार्य के दौरान किसी अधिकारी से मोबाइल पर बातचीत कर रहे थे, तभी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार हाल के दिनों में लगातार कार्यभार और तनाव के चलते उनकी परेशानी और बढ़ गई थी। वहीं यूपी के गोंडा में मतदाता पुनरीक्षण कार्य (एसआईआर) में लगे टीचर बीएलओ ने जहर खाकर जान दे दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App