सबसे कम रूसी तेल खरीदेगा भारत
दिसंबर में 18 लाख की जगह छह लाख बैरल-पर-डे क्रूड आयात का अनुमान
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
भारत का रूसी तेल आयात दिसंबर में तीन साल के न्यूनतम स्तर पर आ सकता है। अभी भारत रूस से करीब 18 लाख बैरल प्रति दिन क्रूड ऑयल खरीद रहा है। दिसंबर में यह 6-6.5 लाख बीडीपी रहने का अनुमान है। मीडिया रिपोट्र्स के मुताबिक, भारतीय रिफाइनरी कंपनियों ने अमरीकी, यूरोपीय और ब्रिटिश प्रतिबंधों का उल्लंघन न हो, इसके लिए रूसी कच्चे तेल की खरीदी में तेजी से कटौती शुरू कर दी है। रिफाइनर्स अब रूसी तेल का अल्टरनेटिव सोर्स ढूंढ रहे हैं। रूस से तेल न खरीदने का मुख्य कारण अमरीका और यूरोपीय यूनियन के रूस पर ताजा प्रतिबंध हैं।
अमरीका के ताजा प्रतिबंध में रूस की दो बड़ी तेल कंपनियों रॉसनेफ्ट और लुकोइल पर सख्ती की गई है। खरीददारों को 21 नवंबर तक इन कंपनियों से लेनदेन बंद करने को कहा गया था। वहीं, यूरोपीय यूनियन ने 21 जनवरी, 2026 की आखिरी तारीख तय की है। इसके बाद किसी भी रिफाइनरी द्वारा 60 दिन पहले के रूसी क्रूड प्रोसेस करके बने ईंधन को यूरोप में नहीं बेचा जा सकेगा।
भारतीय बैंकों ने बढ़ाई जांच
इन्हीं प्रतिबंधों के चलते अमरीका और यूरोप से हो रहे ट्रांजेक्शन की भारतीय बैंकों में जांच भी कड़ी हो गई है। इससे भारत के सरकारी रिफाइनर भी अलर्ट हो गए हैं। अधिकांश भारतीय रिफाइनरों ने रूसी तेल खरीदी रोक दी है। मंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और एचपीसीएल मित्तल एनर्जी अब रूस से तेल नहीं ले रहे। इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम ने कहा है कि वे केवल उन्हीं रूसी सप्लायर्स से खरीदेंगे जो प्रतिबंधित सूची में नहीं हैं। नायरा एनर्जी, जिसमें रॉसनेफ्ट की हिस्सेदारी है, फिलहाल केवल रूसी तेल ही प्रोसेस कर रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
