सेबी में असिस्टेंट मैनेजर बनने का मौका

By: Nov 25th, 2025 8:52 pm

अगर आप सरकारी नौकरी की तलाश में हैं और वित्तीय क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने अधिकारी ग्रेड-ए असिस्टेंट मैनेजर की भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 28 नवंबर तक सेबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 110 पदों को भरा जाएगा। इनमें सामान्य स्ट्रीम के 56, लीगल स्ट्रीम के 20, और सूचना प्रौद्योगिकी स्ट्रीम के 22 पद शामिल हैं। इसके अलावा, रिसर्च स्ट्रीम के चार, राजभाषा स्ट्रीम के तीन, इंजीनियरिंग (इलेक्ट्रिकल) के दो और इंजीनियरिंग (सिविल) के तीन पदों पर भी भर्ती की जाएगी।

आवेदन शुल्क: आवेदन करने वाले अनारक्षित, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों को 1000 रुपए का भुगतान करने होगा, जबकि एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों को 100 रुपए का भुगतान करना होगा।

सैलरी: 62500-126100/- रुपए प्रति माह तक सैलरी मिलेगी। हालांकि मुंबई में यह अधिकतम 1,84,000/- तक भी हो सकती है।

योग्यता

जनरल स्ट्रीम: किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में मास्टर डिग्री/दो वर्ष का पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा/लॉ या इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री/या सीए, सीएफए, सीएस, कॉस्ट अकाउंटेंट।

लीगल स्ट्रीम: अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से लॉ में बैचलर की डिग्री होनी चाहिए।

इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी) स्ट्रीम: किसी भी ब्रांच में इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री या किसी विषय में बैचलर डिग्री के साथ कम्प्यूटर साइंस, कम्प्यूटर एप्लीकेशन या आईटी में दो वर्ष का पोस्ट ग्रेजुएट क्वालिफिकेशन।

रिसर्च स्ट्रीम: उम्मीदवारों के पास इकोनॉमिक्स, कॉमर्स, बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, इकॉनोमेट्रिक्स, फाइनेंशियल/बिजनेस/एग्रीकल्चरल/इंडस्ट्रियल इकोनॉमिक्स या बिजनेस एनालिटिक्स में कम से कम दो वर्ष का डिप्लोमा होना चाहिए।

तीन चरणों में होगा चयन

सेबी ग्रेड ए भर्ती 2025 के लिए उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों की प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। इसमें सबसे पहले कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी-1) आयोजित की जाएगी, जिसके बाद दूसरा चरण (सीबीटी-2) होगा। दोनों परीक्षाओं में सफल उम्मीदवारों को अंतिम चरण यानी इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। तीनों चरणों में प्रदर्शन के आधार पर ही अंतिम मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।

फेज 1 परीक्षा तिथि: 10 जनवरी 2026
फेज 2 परीक्षा तिथि: 21 फरवरी 2026


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App