सुक्खू सरकार पड्डल में मनाएगी जश्न, राज्य स्तर का होगा प्रोग्राम; प्रशासन ने शुरू की तैयारियां, 11 को होगा समारोह
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — मंडी
मंडी का पड्डल मैदान एक बार फिर ऐतिहासिक राजनीतिक घटना का गवाह बनने जा रहा है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सुंदरनगर के जवाहर पार्क को पीछे छोड़ते हुए मंडी के पड्डल मैदान में ही राज्य सरकार के गठन के तीन साल पूरे होने पर जश्न मनाने को हरी झंडी दे दी है। यह जश्न स्टेट लेवल का होगा और इसके आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम पड्डल में 11 दिसंबर को होगा। इस जश्न को लेकर मंडी जिला प्रशासन के अधिकारियों के बीच बैठक भी हुई है। प्रदेश सरकार के तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर मंडी में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों के दृष्टिगत उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें समारोह के सफल आयोजन के लिए रूप-रेखा तय करते हुए विभिन्न विभागीय अधिकारियों को जिम्मेवारियां सौंपी गईं।
इस कार्यक्रम के लिए प्रस्तावित स्थल पड्डल मैदान में सभी प्रबंध समय पर पूरे किए जाएं। प्रदेश सरकार का यह अति महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम है और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय व पूरी गंभीरता के साथ अपने-अपने कत्र्तव्यों का निर्वहन करें। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियां भी गठित की जा रही हैं। समारोह स्थल पर विभागीय प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। सभी विभागाध्यक्षों को इसके लिए समय रहते प्रबंध पूरे करने होंगे। बैठक में अतरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डा. मदन कुमार, एसडीएम मंडी रुपिंद्र कौर, सहायक आयुक्त केएस पटियाल सहित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।
सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट
उपायुक्त ने पुलिस सहित सभी सुरक्षा एजेंसियों को इसमें आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। आयोजन स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा पेयजल का समुचित प्रबंध करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं व एंटी चिट्टा अभियान पर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
पार्किंग-सुरक्षा व्यवस्था संग सफाई पर चर्चा
डीसी मंडी ने समारोह स्थल पर बैठने की व्यवस्था सहित गाडिय़ों के पार्किंग स्थल चिह्नित करने व यातायात के लिए समुचित योजना तैयार करने पर भी चर्चा की। लाभार्थियों के आवागमन, ठहराव एवं भोजन इत्यादि की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने समारोह स्थल पर साफ-सफाई की उचित व्यवस्था तथा मोबाइल शौचालयों की स्थापना के लिए नगर निगम को आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे करने को कहा। इनमें जल की समुचित आपूर्ति भी सुनिश्चित करने को कहा। समारोह में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई और सभी आगंतुकों के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध करने को कहा गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
