कर्मचारियों को आवास देने की तैयारी में जुटा निगम

By: Nov 26th, 2025 12:03 am

सीपीडब्लूडी ढूंढेगा खाली घर, निजी भवनों को भी लीज पर लेने की है तैयारी

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
निगम ने कर्मचारियों को आवास देने को लेकर प्रक्रिया तेज कर दी है। मंगलवार को मेयर सुरेंद्र चौहान ने सीपीडब्लूडी के अधिकारियों के साथ बैठक की है। बैठक में सीपीडब्लूडी ने कहा कि हमारे पास सभी विभागों के आवास मरम्मत के लिए आते हैं। लेकिन अभी जानकारी में नहीं है कि किस विभाग के कितने आवास खाली हैं। बैठक में तय हुआ कि सीपीडब्लूडी सभी आवासों की लिस्ट निगम को देगा। निगम को करीब 65 आवास की जरूरत है। सीपीडब्लूडी के पास इतने आवास खाली नहीं है। वहीं जो भी आवास खाली होंगे उसको देने के लिए सीपीडब्लूडी ने सहमति जताई है। अब मेयर ने तय किया है कि सीपीआरआई और अन्य विभागों से भी आवास की मांग की जाएगी।

जिस भी विभाग के पास आवास खाली होंगे उन्हें लीज पर लिया जाएगा। वहीं, निगम निजी भवनों की तलाश में भी जुटा है। निगम का कहना है कि हमें सिर्फ एक से डेढ साल के लिए ही यह आवास किराये पर लेने हैं उसके बाद बालुगंज में कर्मचारियों के आवास तैयार हो जाएंगे। उसके बाद सभी कर्मचारियों को यहां शिफ्ट किया जाएगा। बता दें कि नगर निगम सब्जी मंडी में व्यवसायिक परिसर बनाना चाहता है। यहां पर जो 64 कर्मचारियों के आवास बने हैं उन्हें तोड़ा जाना है। यह आवास अनसेफ भी घोषित किए गए हैं। कर्मचारियों को निगम ने घर खाली करने के भी कई नोटिस दे दिए हैं। नगर निगम कर्मचारियों की मांग पर इन्हें अन्य आवास ढुंढ रहा है। निगम एक से डेढ साल तक किराये पर इन कर्मचारियों के लिए आवास लेगा। उसके बाद सभी कर्मचारियों को बालुगंज के पशु पड़ाव में बन रहे कर्मचारियों के आवास में शिफ्ट किया जाएगा।

सीपीडब्लूडी ने आश्वासन दिया है कि वह पहले खाली मकानों को चिन्हित कर उसकी रिपोर्ट निगम को देगा। यदि यहां पर प्रयाप्त आवास नहीं मिले तो निजी आवास भी ले सकते हैं। – सुरेंद्र चौहान, मेयर नगर निगम शिमला।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App