ट्रक आपरेटर महासंघ के प्रधान को धमकी
स्टाफ रिपोर्टर-गगरेट
डर व दहशत के साए में जी रहे जिला ऊना के लोगों का दहशत पीछा छोडऩे का नाम नहीं ले रही है। ताजा घटनाक्रम में द विशाल हिमाचल गुड्स ट्रांसपोर्ट सोसायटी गगरेट के प्रधान व जिला ट्रक आपरेटर महासंघ के प्रधान सतीश कुमार गोगी को हरियाणा से एक धमकी भरी फोन कॉल आई है। सतीश कुमार गोगी की शिकायत पर गगरेट पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। सतीश कुमार गोगी द्वारा पुलिस को दिए गए शिकायत पत्र में कहा है कि 19 नवंबर को सोसायटी का आम इजलास था, जिसमें सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि उपमंडल के बाहर से जो सोसायटी के सदस्य नहीं है और जो गाडिय़ां बाहरी लोगों के नाम रजिस्ट्रर हैं उन्हें सोसायटी से बाहर किया जाए। इसी के चलते सोसायटी के एक सदस्य द्वारा सबके सामने उसके साथ गाली-गलौज किया और जान से मारने की धमकी तक दी।
यही नहीं , बल्कि उसने कहा कि हरियाणा में उसके ट्रक चलने नहीं देगा और ट्रक में मादक द्रव्य पदार्थ रखवाकर ट्रक अंदर करवा देगा। उस समय उन्होंने इस धमकी को हल्के में लिया, लेकिन सोमवार को अंबाला के समीप से उनका ट्रक यह कहते हुए पुलिस ने पकड़ लिया कि उस ट्रक ने कार को टक्कर मारी है। कुछ देर बाद उसे हरियाणा से एक फोन कॉल आई और उससे कहा कि उसका ड्राइवर बदतमीज है। खैर शाम को पुलिस ने ट्रक यह कहते हुए छोड़ दिया कि कार वाले नहीं आए हैं। उसी दिन रात को उसी फोन नंबर से हरियाणा से फिर फोन आया। फोन करने वाले ने सीधे धमकी दी कि जिस सदस्य की गाडिय़ां तूने निकाली हैं उन्हें जल्द लगा ले। तेरे पास तीन दिन का समय है। डीएसपी अनिल पटियाल ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।ट्रक आपरेटरों ने चेताया है कि अगर आरोपी जल्द न पकड़े गए तो वे चक्का जाम करने से भी गुरेज नहीं करेंगे।
डीएसपी आफिस पहुंचे आपरेटर
सतीश कुमार गोगी को धमकी भरा फोन आने से ट्रक आपरेटर भडक़ गए और सैकड़ों ट्रक आपरेटर समर्थन में डीएसपी अंब के कार्यालय पहुंच गए और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
