महंगाई डायन होगी खत्म, आधी रह जाएगी पेट्रोल-डीजल की कीमत
नई दिल्ली। पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमत आने वाले दिनों में सस्ती हो सकती है। जेपी मॉर्गन का कहना है कि वित्त वर्ष 2027 तक ब्रेंट क्रूड की कीमतें 30 डॉलर प्रति बैरल तक गिर सकती हैं। ऐसा इसलिए होगा क्योंकि दुनिया भर में तेल की सप्लाई डिमांड से बहुत ज्यादा हो जाएगी। भारत जैसे देशों के लिए यह अच्छी खबर है। भारत अपनी जरूरत का 85 फीसदी से ज्यादा कच्चा तेल आयात करता है। इसके लिए भारत को एक बड़ी रकम चुकानी पड़ती है। जेपी मॉर्गन के ताजा अनुमान के मुताबिक अगले तीन साल में तेल की खपत बढ़ेगी, लेकिन तेल का उत्पादन और भी तेजी से बढ़ेगा। खासकर ओपेक+ देशों के अलावा दूसरे देश भी कच्चे तेल का उत्पादन बढ़ाएंगे। इससे बाजार में तेल की अधिकता हो जाएगी और कीमतें नीचे आ जाएंगी। दुनिया भर में तेल की मांग 2025 में 0.9 मिलियन बैरल प्रतिदिन बढ़ेगी जिससे कुल खपत 105.5 मिलियन बैरल पहुंच जाएगी।
साल 2026 और 2027 में भी यह बढ़ोतरी जारी रहेगी। जेपी मॉर्गन का अनुमान है कि तेल की सप्लाई मांग से लगभग तीन गुना ज्यादा तेजी से बढ़ेगी। 2027 में सप्लाई बढऩे की रफ्तार थोड़ी कम होगी, लेकिन फिर भी बाजार के लिए यह बहुत ज्यादा होगी। डिमांड और सप्लाई में इस असंतुलन का कारण नॉन-ओपेक+ देशों से तेल का बढ़ता उत्पादन है। जेपी मॉर्गन का कहना है कि 2027 तक होने वाली कुल सप्लाई बढ़ोतरी में से आधा हिस्सा इन देशों से आएगा। इसकी वजह गहरे समुद्र में तेल निकालने की नई तकनीकें और दुनिया भर में शेल ऑयल का लगातार बढ़ता उत्पादन है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
