स्वां नदी के पानी से बीत के गांवों में आएगी हरियाली, सिंचाई योजना का काम शुरू, 20 करोड़ की पहली किश्त जारी

By: Nov 26th, 2025 12:01 am

सिटी रिपोर्टर-हरोली

वर्षों से सिंचाई सुविधा के अभाव से जूझ रहे बीत क्षेत्र के किसानों की स्वां नदी तारणहार बनेगी, जिसके लिए जल शक्ति विभाग ने लगभग 20 करोड़ की पहली किश्त जारी होते ही बहुप्रतीक्षित बीत सिंचाई योजना के फेज दो का कार्य जमीनी स्तर पर शुरू कर दिया है। पाइपों की खेप दिल्ली और गुजरात से हरोली के बीत क्षेत्र में पहुंचना शुरू हो गई है। विभाग ने डेढ़ साल में इस कार्य को पूरा करने का टारगेट रखा है, जिसे एक निजी कंपनी के माध्यम से करवाया जा रहा है। इस योजना के तहत सोमभद्रा नदी से लेकर पोलियां बीत सहित विभिन्न स्थानों के लिए करीब 42 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन डाली जाएगी, जिनके माध्यम से पानी भंडारण टैंक और फिर डिलीवरी टैंक्स के माध्यम से किसान के खेत तक पहुंचेगा। बीत सिंचाई योजना दो का बजट 74.41 करोड़ है, जिसमें स्वां नदी से पानी उठाकर बीत के 28 गांवों की 1874 हेक्टेयर (करीब 37 हजार कनाल) भूमि को सिंचित करने की योजना है।

जल शक्ति विभाग से मिली जानकारी अनुसार सोमभद्रा नदी से नौ स्थानों पर लिफ्ट प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे, जहां से पानी को उठाकर आगे भेजा जाएगा। योजना के संचालन और सुचारू प्रबंधन के लिए पालकवाह में एक विशाल मेन स्टोरेज टैंक बनाया जाएगा। जिसकी क्षमता साढ़े 11 लाख लीटर की होगी। इसके बाद पानी की आपूर्ति को व्यवस्थित रखने के लिए कुंगड़त, पोलियां बीत, पालकवाह खास और जोडिय़ां चार डिलीवरी स्टोरेज टैंक भी तैयार किए जाएंगे।

74.41 करोड़ रुपए होंगे खर्च

इस योजना को भारत सरकार के जलशक्ति मंत्रालय ने इसी वर्ष स्वीकृति प्रदान की थी। योजना की कुल लागत 74.41 करोड़ रुपए है, जिसमें 90 प्रतिशत राशि केंद्र और दस प्रतिशत राज्य सरकार वहन करेगी। इस योजना की मंजूरी के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से कई चरणों में बैठकें कीं और हिमाचल प्रदेश का पक्ष प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

हर खेत तक पानी पहुंचाएगी सरकार

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि सरकार किसानों की जरूरतों को समझते हुए तेजी से फैसले ले रही है। बीत सिंचाई योजना फेज-दो हमारे किसानों के लिए गेम चेंजर साबित होगी। दशकों से चली आ रही सिंचाई की समस्या अब समाप्त होने जा रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि हर खेत तक पानी पहुंच सके।

किसानों के लिए वरदान

जल शक्ति विभाग हरोली के एक्सईएन पुनीत शर्मा का कहना है कि यह योजना क्षेत्र के किसानों के लिए वरदान साबित होगी। जहां पहले किसानों को मौसम पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब सिंचाई के बेहतर साधन उपलब्ध होने से उत्पादन में बढ़ोतरी होगी। जल संरक्षण और कुशल प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए पाइपलाइन तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, जिससे पानी की बर्बादी भी काफी हद तक कम होगी

इन गांवों को फायदा

उठाऊ सिंचाई योजना बीत क्षेत्र के दूसरे चरण में बीत क्षेत्र के 28 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा। जिनमें पालकवाह खास, पालकवाह निचला, कर्मपुर, कुंगड़त, ललड़ी, चंदपुर, नंगल खुर्द, नंगल कलां, नंगल जट्टपुर, बट्ट कलां, टाहलीवाल अप्पर, टाहलीवाल निचला, पूबोवाल, ओजले, ठाकरां, पूबोवाल जोडिय़ां, पोलियां बीत, टिब्बियां, जननी, मल्लूवाल, मकोडग़ढ़, हीरा नगर, दुलेहड़ अपर, भडियारां, गोंदपुर जयचंद और गोंदपुर बूल्ला के गांवों की करीब 37 हजार कनाल भूमि सिंचित होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App